दिल्ली महारैली में कोटा कांग्रेस का हुंकार, वोट चोरी के खिलाफ लोकतंत्र बचाने का संकल्प

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा/दिल्ली | 14.12.2025

दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की महारैली में कोटा शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राखी गौतम के नेतृत्व में कोटा से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली के दौरान भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हो रहे कथित हमलों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र पर डाका मंज़ूर नहीं”, “आवाज़ दबेगी नहीं”, और “हक़ किसी का छीनेगा नहीं” जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।

रैली को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ यह लड़ाई किसी एक दल की नहीं, बल्कि आम जनता और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के मुद्दे को उजागर किए जाने के बाद भाजपा और चुनाव आयोग भ्रामक बयान देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी।

महासचिव डॉ. विजय सोनी ने जानकारी दी कि इस महारैली में कोटा से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, पार्षदगण सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!