विकसित राजस्थान रथ यात्रा: कोटा शहर की तीनों विधानसभाओं से रथ रवाना

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा: 20 दिसंबर 2025

प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सुशासन की उपलब्धियों को आमजन तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से ‘विकसित राजस्थान रथ यात्रा’ के अंतर्गत शनिवार को कोटा शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से रथों को विधिवत रूप से रवाना किया गया। पूर्व सांसद एवं संभाग प्रभारी नारायण पंचारिया ने विधायक संदीप शर्मा तथा भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन की उपस्थिति में रथों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।

सेवन वंडर पार्क से कोटा उत्तर विधानसभा, चौपाटी बाजार से कोटा दक्षिण विधानसभा तथा छावनी चौराहे से लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के लिए रथ रवाना किए गए। यह रथ आगामी 15 दिनों तक मंडल स्तर से लेकर ग्राम पंचायतों तक भ्रमण कर सरकार के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन की उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।

इस अवसर पर नारायण पंचारिया ने कहा कि यह स्वतंत्र भारत की पहली सरकार है जो अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का लेखा-जोखा स्वयं जनता के बीच लेकर जा रही है। रथ यात्रा के माध्यम से सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व किए गए वादों को सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारने का कार्य किया है और प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहा है।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में राजस्थान में ऐतिहासिक और ठोस विकास कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को इस 15 दिवसीय रथ यात्रा के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस का शासन केवल घोषणाओं और वायदों तक सीमित रहा, वहीं भाजपा सरकार ने प्रत्येक घोषणा को कार्यरूप में परिणत कर दिखाया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन का अनुसरण करते हुए राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर विभिन्न जनकल्याणकारी प्रकल्पों के जरिए आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा रहा है।
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि सरकार की मंशा केवल अपनी उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि सरकार द्वारा संचालित प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष हेमंत विजय, जिला महामंत्री शैलेन्द्र ऋषि, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, जिला प्रवक्ता जगदीश मोहिल, कालूलाल भील, नयापुरा मंडल अध्यक्ष संजय समीर सैनी, विज्ञान नगर मंडल अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, पूर्व पार्षद विवेक मित्तल, सुनीता सामरिया, पूनम जैन, प्रसन्न माहेश्वरी, चेतन नागर, रवि नायक, लोकेश भट्ट, सतीश लक्षकार, सोनू गौतम, घनश्याम ओझा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!