मनरेगा से गांधी नाम हटाने के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह व पैदल मार्च

Written by :प्रमुख संवाद

कोटा | 22 दिसंबर 2025
भाजपा–आरएसएस द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर करने तथा उससे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने की कथित साजिश के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोटा द्वारा शांतिपूर्ण सत्याग्रह, काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन एवं पैदल मार्च का आयोजन किया गया।
पीसीसी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12.30 बजे रामपुरा गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम एवं देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानूप्रताप सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक से पैदल मार्च निकालते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि मोदी सरकार अपनी विफल नीतियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर ओछी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का नाम देश के हर नागरिक के मन में बसा है, उसे किसी योजना से हटाकर उनकी विरासत को मिटाया नहीं जा सकता। कांग्रेस सरकारों द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के बजाय केंद्र सरकार महापुरुषों के नाम हटाकर जनता को गुमराह कर रही है, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।
देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने कहा कि मोदी सरकार बदले की भावना और द्वेषपूर्ण राजनीति के तहत कार्य कर रही है। देश के लिए कोई नया विकास विजन प्रस्तुत करने के बजाय कांग्रेस की योजनाओं से महापुरुषों के नाम हटाकर केवल वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के कानूनी अधिकार को कमजोर करने की साजिश देश के गरीब और ग्रामीण वर्ग के साथ अन्याय है।
पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य महापुरुषों की छवि को बदनाम करना है। उन्हें न तो जनता की समस्याओं से सरोकार है और न ही देश के विकास से, बल्कि केवल राजनीतिक विरोधियों को नीचा दिखाने की मानसिकता से फैसले लिए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व अल्पसंख्यक प्रदेशाध्यक्ष आबिद कागजी, पीसीसी सचिव शिवराज गुंजल, मंजूर तंवर, रामकुमार दाधीच, महापौर मंजू मेहरा, उपमहापौर पवन मीणा, सोनू कुरैशी, ब्लॉक अध्यक्ष आशु गंभीर, गीता मेघवाल, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!