Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 23 दिसम्बर। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने मंगलवार को कोटा पुलिस लाइन का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में नव विकसित नव विधान पार्क का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में एडीजी क्राइम हवासिंह घुमरिया, आईजी रेंज राजेन्द्र कुमार गोयल सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान डीजीपी ने पुलिस लाइन स्थित लाइब्रेरी एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने लाइब्रेरी का अवलोकन करते हुए वहां उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री की जानकारी ली। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि लाइब्रेरी में पारंपरिक पुस्तकों के साथ-साथ ऑनलाइन कंटेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे पुलिसकर्मियों को अद्यतन ज्ञान और प्रशिक्षण सामग्री सुलभ हो सके।
डीजीपी ने मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनके कार्य अनुभव, चुनौतियों और सुझावों पर चर्चा की। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस लाइन में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में नव विधि–त्वरित न्याय, सुरक्षित नारी–सशक्त समाज, सुरक्षित यातायात, नशे पर सख्त प्रहार, पुलिस जन–साझेदारी, साइबर सतर्कता, शस्त्र शक्ति, अनुसंधान मित्र तथा अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। डीजीपी ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर संबंधित अधिकारियों से योजनाओं, कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर आईजी रेंज राजेन्द्र कुमार गोयल ने कोटा रेंज की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों और पुलिसिंग में किए गए सुधारात्मक प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में एडीजी क्राइम हवासिंह घुमरिया की भी विशेष उपस्थिति रही।
यह दौरा पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ आधुनिक, संवेदनशील और तकनीक आधारित पुलिस व्यवस्था को और सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
