Written by : प्रमुख संवाद
कोटा,10 फरवरी।
तेजी से बदलती जीवनशैली, शिक्षा और रोजगार के कारण बढ़ती दूरी के बीच सामाजिक रिश्तों को सहेजना आज के समय की बड़ी आवश्यकता बन गया है। इसी उद्देश्य को साकार करने हेतु पंजाबी समाज समिति, कोटा द्वारा समाज के युवक-युवतियों को एक सशक्त एवं विश्वसनीय मंच प्रदान करने के लिए 31वां परिचय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
यह भव्य आयोजन 1 मार्च 2026 (रविवार) को लाला लाजपत राय भवन, शॉपिंग सेंटर, कोटा में सम्पन्न होगा। समिति द्वारा आयोजित यह सम्मेलन वर्षों से पंजाबी समाज में रिश्ते तलाशने का सबसे सरल, सुरक्षित एवं सफल माध्यम सिद्ध हुआ है।

समिति के अध्यक्ष कमल अदलक्खा ने बताया कि समिति अब तक 30 सफल परिचय सम्मेलनों का आयोजन कर चुकी है, जिनमें 16,000 से अधिक पंजीकरण हुए तथा लगभग 9,500 से अधिक वैवाहिक रिश्ते सफलतापूर्वक तय हुए हैं, जो इस आयोजन की विश्वसनीयता और सामाजिक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

सम्मेलन को सफल बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने राजस्थान के बूंदी, बयाना, मनासा, भानपुरा, श्यामगढ़, मध्य प्रदेश के शिवपुरी, ग्वालियर, इंदौर सहित हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर पंजाबी समाज के परिवारों से सीधा संवाद कर उन्हें इस सम्मेलन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
समिति के सह-सचिव संजीव सब्बरवाल ने बताया कि जयपुर, गंगापुर सिटी, उदयपुर एवं इंदौर जैसे प्रमुख शहरों में समाज के लोगों से बैठकें कर सम्मेलन की विस्तृत जानकारी साझा की गई है।
इस परिचय सम्मेलन में युवतियों के लिए पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है। अब तक 156 युवक एवं 103 युवतियों का पंजीकरण हो चुका है, और प्रतिदिन पंजीकरण की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।
सम्मेलन के संयोजक प्रवेश भुटानी के अनुसार सभी पंजीकृत युवक-युवतियों के बायोडाटा एवं रंगीन फोटो सहित एक विस्तृत परिचय विवरणिका प्रकाशित की जा रही है, जो सम्मेलन में उपस्थित सभी पंजीकृत सदस्यों को उपलब्ध कराई जाएगी। कोटा से बाहर से आने वाले पंजीकृत युवक-युवतियों एवं उनके अभिभावकों के लिए निःशुल्क ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था भी समिति द्वारा की गई है।
आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जो मंच संचालन, तत्काल पंजीयन, पूछताछ काउंटर, स्मारिका एवं विवरणिका वितरण जैसे कार्यों का संचालन करेंगी।
समिति के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता प्रवीण गुलाटी ने बताया कि पंजाबी समाज समिति का कार्य केवल परिचय सम्मेलन तक सीमित नहीं है। समिति द्वारा समय-समय पर मेडिकल कैंप, जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्टेशनरी वितरण, आर्थिक सहायता, तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण अभियान जैसे सामाजिक कार्य भी निरंतर किए जा रहे हैं। समिति ने अपने स्थायी कार्यक्रमों के लिए भूमि अर्जित कर ली है, जहां शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
समिति के कोषाध्यक्ष विनोद गुलाटी ने जानकारी दी कि भविष्य में समाज के कमजोर वर्ग के परिवारों की सहायता के लिए निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, जिससे समाज में एकता, सहयोग और समरसता का संदेश प्रसारित हो सके।
परिचय सम्मेलन के सह-संयोजक डॉ. सुरेश टक्कर ने समाज के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को सम्मेलन में अवश्य लाएं, ताकि रिश्तों को प्रत्यक्ष रूप से देखने, समझने और संवाद करने में सुविधा प्राप्त हो सके।
पंजाबी समाज समिति, कोटा का यह 31वां परिचय सम्मेलन न केवल वैवाहिक रिश्तों का मंच है, बल्कि यह समाज को जोड़ने, संस्कारों को सहेजने और विश्वास के साथ भविष्य की नींव रखने का एक सशक्त प्रयास है।
