Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 4 जनवरी। सिटी पार्क स्थित एमपी थिएटर में तीन दिवसीय कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि देशभर से आए ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और पर्यटन विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी यह प्रमाण है कि हाड़ौती की पर्यटन संभावनाओं पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। व्यापक संवाद, बी-2-बी बैठकों और प्रदर्शनी के माध्यम से यह आयोजन परिणामोन्मुख सिद्ध हुआ है।




ओम बिरला ने कहा कि हाड़ौती जल, जंगल, विरासत और संस्कृति का अद्भुत संगम है। चंबल सफारी, ऐतिहासिक किले, बावड़ियां, धार्मिक स्थल और प्राकृतिक सौंदर्य इसे विशिष्ट पहचान देते हैं। पर्यटन केवल भ्रमण नहीं, बल्कि रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। ट्रैवल मार्ट के सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के रूप में दिखाई देंगे।
उन्होंने कहा कि हवाई, सड़क और रेल कनेक्टिविटी के सुदृढ़ होने से कोटा–हाड़ौती एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। हर शहर की प्रगति से ही देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आने वाले समय में हाड़ौती मोस्ट पोटेंट टूरिज्म डेस्टिनेशन बनेगा। नए पर्यटन केंद्रों के विकास में यूनिक अनुभव देना आवश्यक है—और वह सब हाड़ौती में उपलब्ध है। जल, जंगल और जमीन—तीनों संसाधनों की संतुलित उपलब्धता इसे विशिष्ट बनाती है। भारत आने वाले विदेशी पर्यटक हमारी मेहमाननवाजी को याद रखते हैं; “अतिथि देवो भव” की भावना हमारे पर्यटन की पहचान है।
उन्होंने बताया कि कोटा–बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, सशक्त रेलवे नेटवर्क और नए एक्सप्रेस-वे से रोड कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ है, जो हाड़ौती को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में सहायक होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2030 तक पर्यटन क्षेत्र की हिस्सेदारी 7.5 प्रतिशत और 2047 तक 10 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। पिछले 11 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था 2 ट्रिलियन से बढ़कर 4.2 ट्रिलियन डॉलर हुई है, और भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। कोटा में आयोजित पहला ट्रैवल मार्ट इस दिशा में मजबूत शुरुआत है।
कार्यक्रम में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, राजस्थान धरोहर विकास एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, कोटा डिवीजन अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, महासचिव रणविजय सिंह सहित फेडरेशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
ट्रैवल मार्ट के दौरान आर्ट हिल और सिटी पार्क में आयोजित प्रदर्शनी में पर्यटन, होटल, ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े उद्यमियों ने स्टॉल्स के माध्यम से अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित कीं। बी-2-बी बैठकों में देश–विदेश से आए टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और स्थानीय पर्यटन उद्यमियों के बीच सार्थक संवाद हुआ।
तीन दिवसीय आयोजन ने कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां की पर्यटन संभावनाओं को सशक्त मंच दिया। देश के 26 राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स को कोटा और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया और हाड़ौती को अपने टूर पैकेज में शामिल करने के लिए क्षेत्र की विशेषताओं से अवगत कराया गया। समापन अवसर पर शिव स्तुति नृत्य की प्रस्तुति और भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही।
