हिस्ट्रीशीटर पर बड़ी कार्रवाई: 22 बीघा वन भूमि से अवैध कब्जा हटाया

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 20 फरवरी। राज्य में अपराध और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कोटा शहर में शुक्रवार सुबह एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम ने रानपुर थाना क्षेत्र में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क द्वारा वन विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त कर दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संबंधित आरोपी ने लंबे समय से वन विभाग की लगभग 22 बीघा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। उक्त भूमि पर पक्के एवं कच्चे निर्माण, मकान, बाड़े तथा खेती जैसी गतिविधियाँ संचालित की जा रही थीं। संयुक्त टीम ने भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए समस्त अवैध निर्माण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

कार्रवाई के संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कदम कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि रानपुर थाना पुलिस ने 12 फरवरी को उक्त हिस्ट्रीशीटर को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से सात हथियार एवं 27 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे, जिनमें दो देसी पिस्टल मय मैगजीन, चार अतिरिक्त मैगजीन तथा पांच देसी कट्टे शामिल थे।

प्रशासन ने दोहराया है कि अपराधियों और माफिया तत्वों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा कानून से ऊपर कोई नहीं है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!