चंबल पर 256 करोड़ का तीन लेन हाई लेवल ब्रिज: कोटा–बूंदी–बारां को मिलेगा सीधा और तेज़ कनेक्टिविटी

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 5 जनवरी। इटावा क्षेत्र के गोठड़ा कलां गांव के पास चंबल नदी पर 256 करोड़ रुपये की लागत से तीन लेन हाई लेवल ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। यह ब्रिज कोटा जिले के चंबल ढीबरी क्षेत्र को बूंदी जिले के चांणदा खुर्द से जोड़ेगा। पुल निर्माण को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति से स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा ब्रिज निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जारी कर दी गई है। साथ ही भूमि अवाप्ति से संबंधित गजट अधिसूचना भी प्रकाशित कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि इस पुल की घोषणा करीब चार वर्ष पूर्व की गई थी, लेकिन वन विभाग की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण कार्य लंबित था। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के हस्तक्षेप के बाद परियोजना को आवश्यक पर्यावरणीय और वन्यजीव स्वीकृति प्राप्त हुई।

यह हाई लेवल ब्रिज चंबल घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र में इंद्रगढ़–ललितपुर स्टेट हाईवे-120 पर बनाया जाएगा। भूमि अवाप्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ किया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होने से कोटा जिले के इटावा और पीपल्दा क्षेत्र के साथ-साथ बारां जिले के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

ब्रिज के निर्माण से कोटा जिले के चंबल ढीबरी गांव से बूंदी जिले के चांणदा खुर्द के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इसके साथ ही बारां जिले और कोटा जिले के पीपल्दा क्षेत्र से दिल्ली की ओर यात्रा करने वालों के लिए दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंच और अधिक सुगम हो जाएगी। यात्री लाखेरी और इंद्रगढ़ के समीप स्थित इंटरचेंज से सीधे एक्सप्रेसवे को पकड़ सकेंगे।

इस परियोजना से बूंदी जिले के लाखेरी और इंद्रगढ़ क्षेत्र की आबादी को कोटा आने-जाने में उल्लेखनीय सुविधा मिलेगी। साथ ही जयपुर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी एक नया और सीधा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे समय और दूरी दोनों की बचत होगी।

भूमि अवाप्ति के लिए निर्धारित पूरी राशि संबंधित सक्षम अधिकारियों को हस्तांतरित कर दी गई है। इसमें कोटा जिले के इटावा एसडीएम तथा सवाई माधोपुर जिले के खंडार एसडीएम को राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। इटावा क्षेत्र में 3.95 हेक्टेयर तथा खंडार क्षेत्र में 2.55 हेक्टेयर भूमि अवाप्त की जा रही है। खंडार क्षेत्र में भूमि अवाप्ति से संबंधित लगभग 25 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कोटा–बूंदी मार्ग पर चंबल नदी पर इंद्रगढ़, ढीबरी चंबल, रजोपा, इटावा, शहनावदा और ललितपुर को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे-120 के अंतर्गत ग्राम गोठड़ा कलां में हाई लेवल ब्रिज निर्माण के लिए भूमि अवाप्ति संबंधी गजट अधिसूचना जारी कर दी गई है। परियोजना के धरातल पर उतरने से हाड़ौती क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!