कोटा प्रीमियर लीग 2026 का भव्य आगाज़, 74 रन से जीती कोटा डीसीए

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 22 फरवरी।
कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 का शुभारंभ रविवार को जेके पवेलियन, कोटा में भव्य समारोह के साथ हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस सीनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कोटा जिला क्रिकेट संघ द्वारा किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर रहे। उन्होंने कहा कि कोटा देश-विदेश में ‘शिक्षा की काशी’ के रूप में प्रसिद्ध है, लेकिन अब इसे खेलों के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाने का समय आ गया है। ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं के लिए लॉन्च पैड साबित होते हैं, जो उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर प्रदान करते हैं।

उद्घाटन मुकाबला कोटा डीसीए और बाउंड्री ब्रेकर्स अजमेर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोटा डीसीए ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा ने 52 रन की प्रभावशाली पारी खेली, जबकि सचिन काकोड़िया ने 22 गेंदों में 44 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अजमेर टीम 18.4 ओवर में 109 रन पर सिमट गई। कोटा डीसीए ने यह मुकाबला 74 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध कराया गया है। ऑनलाइन स्कोरिंग, लाइव प्रसारण और सुव्यवस्थित प्रबंधन के साथ केपीएल 2026 को पेशेवर स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे कोटा में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!