राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की पूर्व संध्या पर विज्ञान वार्ता व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन

Written by : प्रमुख संवाद

“भारतीय विज्ञान प्राचीन से वर्तमान तक प्रासंगिक” — प्रो. नारायण हेडा

कोटा, 27 फरवरी।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, राजस्थान सरकार तथा ओम कोठारी संस्थान, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की पूर्व संध्या पर ओम कोठारी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, कोटा में विज्ञान वार्ता एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और सतत विकास के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. नारायण हेडा, प्रोफेसर (भौतिक विज्ञान), कोटा विश्वविद्यालय एवं विज्ञान भारती, चित्तौड़ प्रांत के सचिव रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय विज्ञान अत्यंत प्राचीन, समृद्ध एवं आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने बताया कि प्राचीन काल में ही भारतीय वैज्ञानिकों ने अनेक महत्वपूर्ण खोजें और सिद्धांत स्थापित किए, किंतु पाश्चात्य प्रभाव के कारण उन्हें व्यापक पहचान नहीं मिल सकी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गौरवशाली वैज्ञानिक विरासत पर गर्व करने और उससे प्रेरणा लेकर नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्रो. हेडा ने समुद्र मंथन का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे चौदह रत्नों में प्रथम विष और अंत में अमृत प्राप्त हुआ, उसी प्रकार जीवन में सफलता से पूर्व संघर्ष आवश्यक है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए बताया कि उनकी वैज्ञानिक सोच और दूरदृष्टि से प्रेरित होकर जमशेदजी टाटा ने देश में उच्च स्तरीय वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थान की स्थापना का विचार साकार किया, जो आगे चलकर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस के रूप में स्थापित हुआ।

कार्यक्रम में संस्थान निदेशक डॉ. अमित सिंह राठौड़, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग कोटा के समन्वयक परमेश मेघवाल, आई-स्टार्ट से प्रतिनिधि आयुष त्यागी, प्राचार्या डॉ. स्नेहलता धर्मावत, आईआईसी कोऑर्डिनेटर डॉ. मीनल शाह जैन, एनएसएस कोऑर्डिनेटर प्रतीक गुप्ता सहित संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

आई-स्टार्ट प्रतिनिधि आयुष त्यागी ने विद्यार्थियों को जानकारी दी कि इस पहल के माध्यम से वे अपने नवाचारी विचारों को धरातल पर उतारने के लिए वित्तीय, तकनीकी एवं मार्गदर्शन सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आधुनिक विज्ञान की आवश्यकता, नई ऊर्जा स्रोतों, नवाचार एवं सस्टेनेबिलिटी जैसे विषयों पर आकर्षक और सृजनात्मक पोस्टर प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल के सदस्य श्री मोहित पंत, श्री प्रतीक गुप्ता एवं श्री दीपक बावल ने विभिन्न मानकों के आधार पर पोस्टरों का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में देवेंद्र कुमार जांगिड़ ने प्रथम, गोलू शर्मा ने द्वितीय एवं इल्मा फातिमा अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को नगद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं स्मृति चिन्ह भेंट के साथ हुई तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरक पहल सिद्ध हुआ।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!