कोटा शहर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण संपन्न, एडीजी (कार्मिक) ने व्यवस्थाओं एवं पुलिसिंग की सराहना की

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 18 मार्च 2026। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसेफ द्वारा 15 से 18 मार्च 2026 तक कोटा शहर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया गया।

दिनांक 16 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोटा शहर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण, अनुसंधान की गुणवत्ता तथा विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। तत्पश्चात सायंकाल सर्किल कार्यालय–IV का निरीक्षण करते हुए वृत्त स्तर पर अपराध अन्वेषण में नवीन विधियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

17 मार्च को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में घटित अपराधों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही उच्च न्यायालय के स्थगन आदेशों के कारण लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी दिन पुलिस थाना नयापुरा का निरीक्षण कर थाना स्तर की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया।

18 मार्च को रिजर्व पुलिस लाइन्स, कोटा में परेड, स्क्वॉड ड्रिल एवं विभिन्न प्रदर्शन आयोजित किए गए, जिनका निरीक्षण अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मैस में उपलब्ध भोजन व्यवस्था की सराहना करते हुए बैरकों का भी निरीक्षण किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स के कम्युनिटी हॉल में संपर्क सभा आयोजित की गई, जिसमें पुलिस कार्मिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके उपरांत जिला अभय कमांड सेंटर का भी अवलोकन किया गया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने कोटा शहर पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आधुनिक पुलिसिंग के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!