Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 21 मार्च। हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू नववर्ष आयोजन समिति, कोटा महानगर के तत्वावधान में आयोजित पंचदिवसीय कार्यक्रमों का भव्य समापन शनिवार को विराट भगवा वाहन रैली के रूप में हुआ। कोटा शहर का प्रत्येक मार्ग, चौराहा और प्रमुख स्थल भगवा रंग में रंगा नजर आया, जिससे पूरा शहर आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक गौरव से सराबोर दिखा।
शहर बना भगवामय, सैकड़ों टोलियों का महासंगम
रैली संयोजक युधिष्ठिर सिंह हाड़ा के अनुसार, कोटा की 500 से अधिक छोटी-बड़ी बस्तियों से सर्व हिंदू समाज के नागरिक अपने-अपने वाहनों के साथ निकले और नगरवार टोलियों में संगठित होकर 12 प्रमुख समूहों में एकत्रित हुए। विभिन्न एकत्रीकरण स्थलों से सायं लगभग 4 बजे रैलियां टीलेश्वर मंदिर चौराहे की ओर अग्रसर हुईं और वहां भव्य महासंगम के पश्चात जड़ के बालाजी दशहरा मैदान पहुंचकर हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ सम्पन्न हुईं।
धार्मिक झांकियों और भजनों से गूंजा वातावरण
रैली में भारत माता, भगवान श्री राम, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अनेक प्रेरणादायक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों के साथ-साथ देशभक्ति और धार्मिक भजनों की धुन पर युवाशक्ति उत्साहपूर्वक झूमती नजर आई।
स्वागत द्वारों और पुष्पवर्षा से हुआ अभिनंदन
पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए और श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया गया। नागरिकों ने भगवा ध्वज, दुपट्टा और साफा धारण कर सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
संतों और वक्ताओं का समाज को एकता का संदेश
समापन समारोह जड़ के बालाजी प्रांगण में आयोजित हुआ, जहां गोदावरी धाम की महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती, महंत प्रीतमराम स्नेही तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चित्तौड़ प्रांत कार्यवाहक शंकर लाल माली सहित अनेक गणमान्यजन मंचासीन रहे।
शंकर लाल माली ने अपने संबोधन में कहा कि जब-जब देश की सज्जन शक्ति एकजुट होकर सामने आई है, तब-तब सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने समाज से राष्ट्रहित में सदैव सक्रिय रहने का आह्वान किया और सनातन संस्कृति की निरंतरता एवं सामूहिक शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।
महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती ने हिंदू समाज से संगठित रहकर किसी भी प्रकार के षड्यंत्रों को विफल करने का आह्वान किया।
मंदिर निर्माण को लेकर एक वर्ष की समयसीमा का आह्वान
रैली संयोजक युधिष्ठिर सिंह हाड़ा ने जड़ के बालाजी की प्रतिमा हेतु भव्य मंदिर निर्माण को लेकर एक वर्ष की समयसीमा का आह्वान करते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो हिंदू समाज व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
आस्था, एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बना आयोजन
इस विराट आयोजन ने कोटा में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। यह रैली केवल एक आयोजन न होकर समाज की सामूहिक शक्ति, युवाओं के उत्साह और सनातन संस्कृति के प्रति अटूट श्रद्धा का जीवंत प्रतीक बनकर उभरी।
