Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 27 मार्च। कोटा नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड, कोटा की संचालक मण्डल एवं ऋण समिति की बैठक शुक्रवार को रावतभाटा रोड स्थित प्रधान कार्यालय में बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक की जानकारी देते हुए प्रबंध संचालक बीना बैरवा ने बताया कि बैठक में सीआरआर एवं एसएलआर की अनुपालना, ओटीएस योजना,आय—व्यय की तुलनात्मक समीक्षा, जमाओं की समीक्षा, एनपीए वसूली, बैंक ग्राहक सेवा, सुरक्षा व्यवस्था, इंटर-ब्रांच एवं बैंक रीकन्सिलिएशन,एनपीए समीक्षा, यूपीआई सहमति सहित कुल 31 बिंदुओं के एजेंडे पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बोर्ड संचालक महेन्द्र कुमार शर्मा, सुरेश चंद्र काबरा,राकेश जैन, ओमप्रकाश मेहरा, महावीर सुवालका एवं नंदलाल प्रजापति,पद्मनी हाडा, महेश अजमेरा,अरुण भार्गव, सुरेन्द्र गोयल विचित्र एवं उपस्थित रहे।
ओटीएस योजना से मिला लाभ
बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि ऋण धारकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से लागू एकमुश्त ऋण वसूली योजना (ओटीएस) के अंतर्गत सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। योजना के तहत 27 सदस्यों को लगभग 56.51 लाख रुपये की ऋण माफी प्रदान की गई है, जिससे संबंधित ऋण धारकों को आर्थिक संबल मिला है। राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि ओटीएस योजना का लाभ लेने के लिए 31 मार्च 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने अपील की कि जिन ऋण धारकों के खाते गत तीन वर्षो से एनपीए की श्रेणी में हैं, वे निर्धारित समयावधि में बैंक से संपर्क कर इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।
बिरला ने बताया कि बैठक में ऋण नीति संशोधन पर गहन विचार-विमर्श किया गया। वर्तमान आर्थिक परिदृश्य एवं बैंकिंग मानकों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया कि उत्कृष्ट सीबिल स्कोर वाले एवं स्थायी नौकरी पेशा व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि राष्ट्रीयकृत बैंकों की तर्ज पर पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित प्रक्रिया अपनाते हुए ऋण वितरण किया जाएगा, ताकि पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध एवं सहज रूप से आर्थिक सहायता मिल सके। इसके तहत दस्तावेज़ीकरण को सरल बनाने, स्वीकृति प्रक्रिया को तेज करने एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
प्रबंध संचालक बीना बैरवा ने बताया कि बैंक की वित्तीय स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। बैंक का एनपीए घटा है
फरवरी माह की तुलना में एनपीए में नेट एनपीए 3.95 से घटकर 2.50 हो गया है। बैठक में 07 नए सदस्यों को सदस्यता प्रदान की गई, वहीं 07 सदस्यों को कुल 22 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।
