Written by : Sanjay kumar

जयपुर/जमवारामगढ़, 29 मार्च।
लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों की भूमिका को रेखांकित करते हुए जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) जयपुर ग्रामीण द्वारा रविवार को जमवारामगढ़ स्थित अनंत रिजॉर्ट्स में भव्य जिला पत्रकार सम्मेलन एवं कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान जार जयपुर ग्रामीण की नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसमें सुरेश शर्मा को अध्यक्ष, बजरंग शर्मा को महासचिव, बनवारी लाल शर्मा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं मनोज गर्ग, गिरिराज शर्मा और राजेश मीणा को उपाध्यक्ष, प्रवीण मुद्गल को मीडिया प्रभारी तथा उमेश शर्मा एवं लक्ष्मी नारायण यादव को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों की रक्षा हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि पद्मश्री कृष्णा पूनिया ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता कई चुनौतियों से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकार जनता की आवाज उठाते हैं, तो कई बार शासन-प्रशासन असहज हो जाता है, लेकिन पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनहित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती पत्रकारों की निष्पक्षता, साहस और निर्भीकता पर आधारित होती है।
जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा ने जार को एक सशक्त और पुराना संगठन बताते हुए कहा कि यह संस्था हमेशा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए अग्रणी रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों की समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
पूर्व विधायक गोपाल मीणा ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और उनकी जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्ष एवं ईमानदारी से समाचार प्रस्तुत करें। बदलते मीडिया परिदृश्य में सजगता और जिम्मेदारी की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार लल्लू लाल शर्मा ने पत्रकारों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और संगठन के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, नेशनल जर्नलिस्ट्स रजिस्ट्रार की स्थापना तथा मीडिया काउंसिल के गठन की मांग दोहराई। साथ ही उन्होंने जर्नलिस्ट्स वर्किंग एक्ट समाप्त होने से पत्रकारों की आजीविका पर पड़े प्रभाव का भी उल्लेख किया।
जार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी एवं प्रदेश महासचिव सुरेश सैनी ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण पत्रकारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का पारंपरिक साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर राकेश मीणा, दधीबल यादव, विनोद चतुर्वेदी, कन्हैया लाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
