Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 6 अप्रैल। समाज के प्रति संवेदनशीलता और करुणा की भावना को साकार करते हुए रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया की ओर से एक अनूठे सामाजिक आयोजन “अनंत उत्सव – A Celebration of Kindness & Compassion” का भव्य आयोजन सिटी पार्क, कोटा में किया जाएगा। यह विशेष संध्या Anant Yuva Pratishthan से प्रेरित होकर आयोजित की जा रही है।
मंजुल शर्मा ने बताया कि 8 अप्रैल को सायं 4:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एक सुरक्षित, आनंदमय और यादगार शाम का अनुभव प्रदान करेगा।
इस आयोजन में शहर के विभिन्न संस्थानों—बाधित बाल विकास केंद्र, श्री करणी नगर विकास समिति, गंगा विज़न एवं घुमंतू छात्रावास—से जुड़े बच्चों सहित अन्य संस्थानों के विशेष बच्चे एवं छात्रावास की बालिकाएं शामिल रहेंगी।
सिमरन बब्बर ने बताया कि आयोजन के तहत बच्चों के लिए कई आकर्षक गतिविधियाँ रखी गई हैं। बच्चों को सिटी पार्क के शांत वातावरण में भ्रमण कराया जाएगा, वहीं कलाकारों के साथ रंगारंग परेड भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा सुरक्षित बोटिंग, रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए शहर जिला आईजी रेंज राजेन्द्र अग्रवाल एवं जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया,पुलिस अधिक्षक तेजस्विनी गौत्तम को आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में विशेष बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बच्चे के साथ प्रशिक्षित स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। कार्यक्रम का समापन ड्रोन शो एवं आतिशबाजी के साथ होगा, जो बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।
अनिल नायर ने बताया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए प्रशिक्षित स्टाफ की मौजूदगी के साथ ऑन-साइट चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। सभी बच्चों के लिए निःशुल्क परिवहन की व्यवस्था भी की गई है, जिसके अंतर्गत उन्हें उनके आश्रम से सिटी पार्क तक लाने-ले जाने की जिम्मेदारी संस्था द्वारा सुनिश्चित की गई है।
