Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 7 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर कोटा में उत्साह और उल्लास के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में छावनी रामचन्द्रपुरा स्थित 80 फीट रोड पर भाजपा के नवनिर्माणाधीन कार्यालय भवन का विधिवत हवन-पूजन कर शुभारंभ किया गया। साथ ही सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जिलाध्यक्षों एवं कार्यालय निर्माण समिति के सदस्यों का साफा, शॉल, दुपट्टा, प्रतीक चिन्ह, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि मदन राठौड़ ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 6 अप्रैल भारतीय राजनीति का एक ऐतिहासिक दिन है। वर्ष 1980 में स्थापित भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर सम्मान प्राप्त कर रहा है और आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और राजस्थान का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हो रहा है।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि भाजपा अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ केंद्र और राज्य सरकार निरंतर जनकल्याण के कार्य कर रही है।
विधायक कल्पना देवी ने इसे कोटा और विशेष रूप से लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि यहां भाजपा का भव्य कार्यालय भवन बनने जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अब कोटा भाजपा को अपना स्थायी कार्यालय मिलने जा रहा है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और समर्पण का प्रतीक होगा।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि भवन का निर्माण दीपावली तक पूर्ण कर लिया जाएगा और उसी दिन वहां विधिवत पूजन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने 80 फीट रोड का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग रखने तथा समीप निर्माणाधीन पार्क का नाम ‘प्रेरणा स्थल’ रखने का प्रस्ताव भी रखा। इस पार्क में अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित करने की योजना है।
प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सेनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व के कारण भारत की वैश्विक स्थिति मजबूत हुई है। वहीं कोटा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने पूर्ववर्ती सरकार पर कार्यालय भूमि आवंटन में बाधा डालने का आरोप लगाया।
भवन निर्माण समिति संयोजक अजयपाल सिंह, शहर प्रभारी अजित मेहता एवं देहात प्रभारी मानसिंह बारहठ ने बताया कि कोटा में बनने वाला यह कार्यालय राजस्थान का सबसे बड़ा भाजपा कार्यालय होगा, जिसका निर्माण 8-9 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है। यहां जनप्रतिनिधियों द्वारा नियमित जनसुनवाई भी की जाएगी, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा।
कार्यक्रम में कोटा शहर एवं देहात के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
