बाबा साहेब का 135वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, सामाजिक समरसता व शिक्षा पर दिया जोर

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 14 अप्रैल। सर्व जाटव समाज उत्थान समिति कोटा द्वारा रंगपुर रोड स्थित अम्बेडकर भवन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का 135वां जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों व समाज के लोगों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
समिति के अध्यक्ष एस.एन. चौधरी ने बाबा साहेब की पुस्तक ‘प्रॉब्लम ऑफ रुपीज’ के आधार पर भारतीय रिजर्व बैंक की स्थापना में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। चौधरी ने साथ समाज के विकास के लिए बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने, संगठित रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक एवं संघर्षशील बनने का आह्वान किया।
समिति के सचिव खेमचंद कर्दम ने कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक विषमताओं के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज में समरसता स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। एआईएससीटीआरइए कोटा के मंडल अध्यक्ष नेमसिंह मौर्य ने कहा कि बाबा साहेब ने महिलाओं के उत्थान के लिए शिक्षा, समानता और न्याय के अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विधवा पुनर्विवाह, प्रसूति अवकाश, श्रमिकों को सवेतन छुट्टी और संगठन की स्वतंत्रता जैसे अधिकार सुनिश्चित कराए।
कार्यक्रम के अंत में भीमभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष देवेन्द्र पाल सिंह, एस.एल. वर्मा, एन.आर. चौधरी, अशोक कुमार, मनोज विमल सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष व बच्चे उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!