Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 14 अप्रैल। भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा मंगलवार को जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत अदालत चौराहे पर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जहां अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण डीओआईटी वीसी रूम में देखा गया। इस दौरान विभाग द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, जिला अध्यक्ष राकेश जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिन छात्रावासों का लोकार्पण किया गया, उनमें कोटा का छावनी छात्रावास भी शामिल रहा।
90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जिले के राजकीय छात्रावासों में अध्ययनरत उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। इन विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। संयुक्त निदेशक सविता कृष्णिया ने बताया कि पिस्ता बैरवा, सूरज नागर, वीरेंद्र सिंह और अभिषेक चोपदार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एडीएम सीलिंग कृष्णा शुक्ला, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला कमल कुमार मीना, परियोजना प्रबंधक अनुजा निगम, गौरी शंकर मीना, नारी निकेतन अधीक्षक अंशुल मेहंदीरत्ता, पीओ श्वेता शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी निशांत सिंह, काना राम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
छात्रावासों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में जिले के 26 राजकीय छात्रावासों में “डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सभी विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
