Written by : प्रमुख संवाद
कोटा | 17 अप्रैल 2026
कोटा में बजरंग दल द्वारा कथित धर्मांतरण गतिविधियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप पुतला दहन किया और जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए इस विषय पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

विश्व हिंदू परिषद के कोटा महानगर प्रचार प्रमुख रामबाबू मालव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रदर्शन बहुराष्ट्रीय कंपनियों में सामने आ रही कथित धर्मांतरण से जुड़ी शिकायतों के विरोध में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि संगठन को विभिन्न स्थानों से ऐसी सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें कुछ समूहों द्वारा कर्मचारियों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास के आरोप लगे हैं।
बजरंग दल के महानगर संयोजक नरेश प्रजापति ने कहा कि देश की विभिन्न कंपनियों में सभी वर्गों के लोग कार्यरत हैं, लेकिन हाल के समय में सामने आई शिकायतों ने गंभीर चिंता उत्पन्न की है। उन्होंने मांग की कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
विभाग संयोजक रवि स्वामी ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि जबरन या प्रलोभन देकर किए जाने वाले धर्मांतरण को रोकने के लिए देशभर में कठोर कानून बनाया जाना चाहिए, ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विभाग मंत्री नंदलाल प्रजापति ने उपस्थित कार्यकर्ताओं के बीच ज्ञापन का वाचन किया। कार्यक्रम का संचालन महानगर सह संयोजक नरेश मीणा ने किया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत एवं महानगर स्तर के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें नवीन शर्मा, मोहन मालव, रौनक आनंद, आशीष शर्मा, राजू सुमन, मुकेश शर्मा, योगेश बत्रा, प्रदीप शर्मा, दिलीप ओदिच्य, हरिओम शर्मा, कपिल गौड़, मोनू आर्य, मुकेश सोनी, टीकम मेवाड़ा, राघवेंद्र पांडे, रामराज नागर, जीतू कालरा, लक्ष्मण सिंह सोलंकी, बृजेश चक्रधारी, राकेश सैन सहित अनेक लोग शामिल थे।
