Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 19 अप्रैल। अमृत सेवा संस्थान एवं यादव समाज गूंज महिला मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रामलीला दशहरा मैदान, सीएडी सर्किल, कोटा पर निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में हाड़ौती संभाग सहित मध्यप्रदेश तक से आए कुल 25 जोड़े पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधे। विशेष उल्लेखनीय रहा कि इन 25 जोड़ों में एक दिव्यांग जोड़ा भी शामिल रहा, जो उपस्थित जनसमुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समानता, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने महिला मण्डल अध्यक्ष ज्योति यादव एवं उनकी टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कार्य ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी है।
बिरला ने नवदंपत्तियों को संबोधित करते हुए कहा, “जीवन की वास्तविक सफलता रिश्तों, परिवार और समाज में निहित है। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए, परिवार की भावना को निभाते हुए आगे बढ़ें और अच्छे संस्कारों की विरासत को अपनी आने वाली पीढ़ी तक पहुँचाएं।” उन्होंने विशेष रूप से यह जिम्मेदारी माताओं और समाज की नारी शक्ति पर रेखांकित की कि आने वाली पीढ़ी को शिक्षित एवं संस्कारी बनाना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि यादव समाज एक मेहनतकश समाज है जो देश और राष्ट्र की उन्नति में निरंतर योगदान दे रहा है।
अनाथ एवं विधवा माताओं की पुत्रियों को मिली प्राथमिकता
महिला मण्डल अध्यक्ष ज्योति यादव ने बताया कि इस सम्मेलन में सामाजिक संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। अनाथ एवं विधवा माताओं की पुत्रियों को विवाह में सम्मिलित कराया गया, जिससे इस आयोजन का मानवीय आयाम और भी व्यापक हो गया। आयोजन में हाड़ौती संभाग के विभिन्न क्षेत्रों के अतिरिक्त मध्यप्रदेश के गुना जिले से भी एक जोड़ा सम्मिलित हुआ।
गणेश पूजन से विदाई तक उल्लास
संयोजक प्रदीप यादव एवं विजय बागोलिया ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः आठ बजे गणेश स्थापना एवं गणेश पूजन के साथ हुआ। तत्पश्चात कलश यात्रा, तोरण एवं वरमाला की पावन रस्में संपन्न हुईं। दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य सभी 25 जोड़ों ने सात फेरे लिए और सायं साढ़े पाँच बजे नवदंपत्तियों को अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में विदाई दी गई। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन वर्षा महीवाल ने किया। समिति की ओर नवजोडो उपहार स्वरूप दैनिक दिनचर्या के 25 उपहार भेंट स्वरूप दिए गए।गर्मी के मौसम को देखते हुए आयोजकों ने बड़े-बड़े कूलर, शीतल पेयजल एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं, जिसकी उपस्थित परिजनों एवं जोड़ों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक संदीप शर्मा, रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमेन राजेश कृष्ण बिरला तथा सेक्रेटरी जगदीश जिंदल उपस्थित रहे। विधायक संदीप शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे आयोजन दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एक सशक्त और सार्थक संदेश देते हैं।
आयोजन समिति का रहा सराहनीय योगदान
कार्यक्रम की सफलता में जिन समर्पित कार्यकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा उनमें — संयोजक प्रदीप यादव, व्यवस्थापक ललित यादव, संरक्षक शिवचरण यादव, महासचिव शशि यादव, कोषाध्यक्ष अनिता यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रानी यादव,ओम यादव, हजारी लाल,मिंटू,दिलीप विनोदयादव, युवराज यादव, दीपक यादव, राजेश यादव ,जितेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव तथा दीपक यादव प्रमुख रहे। आयोजन में 8 से 10 हजार नागरिकों की उपस्थिति ने इस सम्मेलन को एक जनोत्सव का रूप दे दिया।
