त्याग, सेवा और समर्पण की मिसाल बना गुर्जर समाज, आखातीज पर 60 जोड़े बने जीवनसाथी

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 19 अप्रैल। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर खड़े गणेशजी स्थित श्री देवनारायण मंदिर गणेश नगर परिसर में आयोजित श्री वीर गुर्जर कन्या निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन ने सामाजिक एकता, सहयोग और संस्कारों की अद्भुत मिसाल पेश की। श्री देवनारायण मंदिर ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। भीषण गर्मी के बावजूद कोटा शहर, ग्रामीण इलाकों और पूरे हाड़ौती संभाग से हजारों समाजबंधु उत्साह के साथ शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
श्री देवनारायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवराज गुंजल ने बताया कि सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती राखी गौतम, डॉ. बद्री गोचर, डॉ. बीएल गोचर, पूर्व प्रधान मन्नालाल गुर्जर, नेवालाल खींची, सुरेश गुर्जर ने बतौर अतिथि शिरकत की। आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान देवनारायण के सानिध्य में आयोजित यह सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज के त्याग, सेवा और समर्पण की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज का इतिहास शौर्य, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान से भरा हुआ है। चाहे राजाओं का समय रहा हो या अंग्रेजों का शासन, गुर्जर समाज ने हमेशा देश की रक्षा और सम्मान के लिए योगदान दिया है। यह गौरवशाली इतिहास आने वाली पीढि़यों को प्रेरणा देता रहेगा।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर एवं अन्य अतिथियों ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन आज के समय की आवश्यकता है। इससे फिजूलखर्ची पर नियंत्रण होता है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है। समाज के संपन्न वर्ग को ऐसे आयोजनों में आगे आकर सहयोग करना चाहिए, ताकि हर जरूरतमंद परिवार अपनी संतानों का विवाह सम्मानपूर्वक कर सके।
श्री देवनारायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवराज गुंजल ने बताया कि मंदिर परिसर में दूल्हों की निकासी के साथ ही आयोजन समिति द्वारा दूल्हों एवं बारातियों का भव्य स्वागत किया गया। कस्बे में जगह-जगह बारातियों का अभिनंदन किया गया। आकर्षक मंच पर एक साथ 7 से 8 जोड़ों ने वरमाला पहनाई, जिससे पूरा वातावरण उल्लास और उत्साह से भर गया। पंडितों के मंत्रोच्चारण के साथ विवाह की सभी रस्में पूर्ण करवाई गईं और सभी नवविवाहित जोड़ों को अतिथियों ने आशीर्वाद प्रदान किया।
शिवराज गुंजल ने बताया कि आयोजन समिति की ओर से भामाशाहों के सहयोग से सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप घरेलू उपयोग का सामान भेंट किया गया। इनमें दुल्हन का लहंगा, एक पलंग, ड्रेसिंग, गद्दा, तकिया, कूलर, चांदी की पायल, सोने की लोंग और स्टील के 45 बर्तन शामिल रहे। सम्मेलन में गुर्जर समाज सहित अन्य समाजों के दर्जनों जनप्रतिनिधियों एवं भामाशाहों ने शिरकत की, जिनका माला एवं साफा पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
ट्रस्ट के संरक्षक रामलाल गुंजल ने सभी भामाशाहों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह ट्रस्ट का तीसरा सामूहिक विवाह सम्मेलन है। समाज के बढ़ते उत्साह को देखते हुए इस बार 15 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी से राहत देने के लिए दर्जनों जम्बो कूलर लगाए गए और पेयजल के लिए पानी के टैंकर मंगवाए गए। विशेष बात यह रही कि पूरे आयोजन में प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक रामलाल गुंजल, अध्यक्ष शिवराज गुंजल, संयोजक लोकेश पोसवाल, हरीश खटाना, नंदलाल कसाना, महावीर धगाल, राजू खटाना, देवराज बढ़ियावल, देवराज खटाना, डीपी भदाना, सांवरिया गुर्जर, रामलाल कटारिया, हंसराज बोड़ समेत अन्य पदाधिकारी उत्साहपूर्वक जुटे रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!