नीलगाय से टक्कर ने खोला ड्रोन तस्करी का राज: 70 करोड़ की हेरोइन बरामद, बड़ा नेटवर्क बेनकाब होने की कगार पर

Written by : Sanjay kumar


बीकानेर, 22 अप्रैल। सीमावर्ती क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सड़क हादसे ने अंतरराष्ट्रीय ड्रोन तस्करी नेटवर्क की परतें खोल दीं। पूगल क्षेत्र में तड़के हुए एक हादसे के दौरान स्कूटी सवार युवक नीलगाय से टकराकर घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई करीब 14 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 70 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह नशीली खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में गिराई गई थी। आरोपी युवक की पहचान पाली जिले के सोजत क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आरोपी अचेत अवस्था में है, जिससे पूछताछ नहीं हो सकी है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इस तस्करी में एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ लाने के पीछे एक से अधिक लोगों की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता। संभावना जताई जा रही है कि आरोपी के साथी हादसे के बाद मौके से फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, पंजाब सीमा पर कड़ी निगरानी के चलते तस्करों ने अब राजस्थान के बीकानेर-श्रीगंगानगर क्षेत्र को नया ट्रांजिट रूट बनाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ महीनों में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ और हथियार गिराए जाने की कई घटनाएं सामने आई हैं, जो सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि तस्करों ने सुरक्षा जांच से बचने के लिए बड़ी गाड़ियों की बजाय छोटे वाहनों जैसे स्कूटी का इस्तेमाल किया, जिससे शक कम हो। इस घटना ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस, सीमा सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!