Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 22 अप्रैल।
महिला सशक्तिकरण को लेकर देशभर में चल रही बहस के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए उसे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ बताया है। बुधवार को भाजपा कोटा देहात द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में जयपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद मंजू शर्मा ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि नारी वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया। लेकिन कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने इसका विरोध कर महिलाओं के सशक्तिकरण के इस महत्वपूर्ण अवसर को बाधित करने का प्रयास किया।
मंजू शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार सदैव महिलाओं के अधिकार, सम्मान और भागीदारी को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने द्वेषपूर्ण राजनीति के चलते इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध किया, जिससे उसकी महिला विरोधी मानसिकता उजागर होती है।
उन्होंने आगे कहा कि आज देश की महिलाएं जागरूक हैं और अपने अधिकारों को लेकर सजग भी। विपक्ष की इस सोच को महिलाएं भली-भांति समझ चुकी हैं और आने वाले समय में इसका लोकतांत्रिक जवाब देंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मुद्दों का विरोध करता है। उन्होंने बताया कि भाजपा आगामी दिनों में कांग्रेस की कथित महिला विरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगी।
पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुनीता व्यास, राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मंडल के प्रन्यासी अरविन्द सिसोदिया, जिला महामंत्री रितेश चित्तौड़ा, मीडिया सहसंयोजक पूनम जैन, जिला परिषद सदस्य प्रेरणा गौतम तथा पूर्व प्रधान लाडपुरा अनुराधा मीणा सहित कई पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे।
वहीं सोशल मीडिया संभाग संयोजक रजनीश राणा, जिला मीडिया संयोजक नरेंद्र चौहान, हुकमत सिंह झाला सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
