Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 23 अप्रैल। भारतीय विश्वविद्यालय संघ एवं खेल और युवा मामले विभाग, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में कोटा विश्वविद्यालय में आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय गतका प्रतियोगिता (महिला एवं पुरुष) 2025-26 के दूसरे दिन पंजाबी विश्वविद्यालय ने कुल 30 अंक अर्जित कर समग्र विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत के निर्देशन में इस वर्ष पहली बार कोटा विश्वविद्यालय को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्पर्धा की मेजबानी सौंपी गई है, जो 21 से 26 अप्रैल 2026 तक चल रही है। गुरूवार को आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में देश भर के विश्वविद्यालयों के महिला खिलाड़ियों ने पारंपरिक सिख मार्शल आर्ट गतका की अद्भुत कला का प्रदर्शन किया। आयोजन सचिव डा. विजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पुरूषो के मैनेजर मीटिंग का आयोजन होगा और शनिवार को सुबह 9 बजे से पुरूषो के मैच आयोजित होंगे अभी तक 34 यूनिवसिर्टी के 262 खिलाड़ियों की प्रवष्टियां कोटा यूनिवर्सिटी को प्राप्त हो चुकी है। इस अवसर पर रजिस्ट्रार राजपाल सिंह, प्रो एनएल हेडा, प्रो.भूपेन्द्र सिंह राठौड़, डा.रामचरण मीणा, प्रो.छोटू सिंह भाटी, संजीव कुमार दुबे ,गतका फेडरेशन ऑफ इण्डिया के महासचिव बलजिंदर सिंह तूर, डॉ मूलचंद शर्मा ने खिलाडियो को पदक व ट्रॉफी दी।
,
पंजाबी विश्वविद्यालय शीर्ष पर, गुरु काशी दूसरे स्थान पर
समग्र विजेता तालिका में पंजाबी विश्वविद्यालय ने 2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक के साथ 30 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। गुरु काशी विश्वविद्यालय 3 स्वर्ण व 1 रजत सहित 28 अंकों के साथ द्वितीय रहा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ने 1 स्वर्ण, 3 रजत के दम पर 26 अंक बटोर कर तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि पंजाब विश्वविद्यालय 2 स्वर्ण व 1 रजत के साथ 18 अंक लेकर चौथे पायदान पर रहा।
मेजबान कोटा की बेटी ने चमकाया नाम
फ्री स्टाइल सिंगल सोटी (व्यक्तिगत) स्पर्धा में मेजबान कोटा विश्वविद्यालय की खिलाड़ी पूजा चौधरी ने स्वर्ण पदक जीतकर स्थानीय दर्शकों की वाहवाही लूटी। एसजेजेटी विश्वविद्यालय की मोनिका कडवा ने रजत प्राप्त किया, जबकि कांस्य अपेक्स विश्वविद्यालय की ममता सैनी व सिंघानिया विश्वविद्यालय की निशा को संयुक्त रूप से मिला।
टीम स्पर्धाओं में रोमांचक मुकाबले
फुल स्ट्राइक सिंगल सोटी (टीम) स्पर्धा में गुरु काशी विश्वविद्यालय की आरती, अर्शदीप कौर, हरलीन कौर व परभज्योत कौर की चौकड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। पंजाबी विश्वविद्यालय की दविंदर कौर, इकजोत कौर, कलविंदर कौर व सिमरनप्रीत कौर को रजत से संतोष करना पड़ा। कांस्य पदक पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय तथा गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय ने साझा किया।
फुल स्ट्राइक फर्री सोटी (टीम) में गुरु काशी विश्वविद्यालय की अर्शदीप कौर, हरमन कौर, सिमरनजीत कौर व वीरपाल कौर ने एक बार फिर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। रजत श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी को मिला, जबकि कांस्य पंजाबी विश्वविद्यालय व डॉ. प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी ने साझा किया।
हाफ स्ट्राइक सिंगल सोटी (टीम) में पंजाबी विश्वविद्यालय की अवनीत कौर, हरमनदीप कौर, जसप्रीत कौर व सुखदीप कौर ने स्वर्ण पदक जीता। श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रजत पर रही, जबकि देश भगत विश्वविद्यालय और डॉ. प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी ने कांस्य साझा किया।
हाफ स्ट्राइक फर्री सोटी (टीम) में पंजाब विश्वविद्यालय की अपरजीत, दीपिका, गुरलीन कौर व मनप्रीत कौर की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी को रजत मिला, जबकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय व गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय कांस्य पर संयुक्त रूप से काबिज रहे।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी जोरदार प्रदर्शन
फुल स्ट्राइक फर्री सोटी (व्यक्तिगत) में श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी की इंदरप्रीत कौर ने स्वर्ण जीता। रजत गुरु काशी विश्वविद्यालय की वीरपाल कौर को मिला, जबकि कांस्य युनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की पवन कुंवर व छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय की किरत कौर को संयुक्त रूप से प्राप्त हुआ।
फुल स्ट्राइक सिंगल सोटी (व्यक्तिगत) में गुरु काशी विश्वविद्यालय की आरती स्वर्ण विजेता रहीं। सिंघानिया विश्वविद्यालय की तनीशा सेरावत को रजत मिला, जबकि कांस्य सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय की खुशबू व महाराजा भूपेंद्र सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की जसप्रीत कौर को संयुक्त रूप से मिला।
हाफ स्ट्राइक फर्री सोटी (व्यक्तिगत) में पंजाब विश्वविद्यालय की मनप्रीत कौर स्वर्ण पर काबिज रहीं। रजत पंजाबी विश्वविद्यालय की जशनप्रीत कौर को, जबकि कांस्य युनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट की ममता कुमारी व चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की सरिता को संयुक्त रूप से मिला।
हाफ स्ट्राइक सिंगल सोटी (व्यक्तिगत) में पंजाबी विश्वविद्यालय की जसप्रीत कौर ने स्वर्ण पदक जीता। पंजाब विश्वविद्यालय की तरनजीत कौर रजत पर रहीं, वहीं कांस्य अपेक्स विश्वविद्यालय की गुड्डी गुर्जर व पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर सोलापुर विश्वविद्यालय की देवकर अश्विनी ने साझा किया।
