Written by : प्रमुख संवाद
जयपुर, 29 अप्रैल। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की झालावाड़ चौकी ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका अटरू (जिला बारां) के संविदाकर्मी सहायक कर्मचारी अजय सिंह तथा उसके सहयोगी दलाल पवन को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
परिवादी ने 27 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता के नाम ग्राम लक्ष्मीपुरा में प्लॉट का पट्टा बनवाने के लिए अजय सिंह द्वारा 60,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। बाद में आरोपी 50,000 रुपये लेने पर सहमत हुआ और राशि दलाल पवन के माध्यम से लेने की व्यवस्था की गई।
एसीबी टीम ने योजनाबद्ध ट्रैप कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रिश्वत राशि प्राप्त करते समय मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अजय सिंह नगरपालिका में कार्य करते हुए जेईएन से संबंधित कार्य भी देख रहा था, जिससे वह आमजन पर दबाव बनाकर अवैध वसूली कर रहा था।
यह पूरी कार्रवाई एसीबी कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक के सुपरवीजन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सम्पन्न हुई। वर्तमान में आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
