Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 8 मई। अगर आप उद्योग लगाना चाहते हैं और भूखण्ड के साथ-साथ तैयार बुनियादी ढाँचा भी चाहते हैं – तो राजस्थान सरकार का उपक्रम रीको आपके लिए एक सुनहरा अवसर लेकर आया है। रीको ने प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में प्लग एंड प्ले सुविधाओं तथा स्पोर्ट्स फैसिलिटी के विकास हेतु कुल 24 भूखण्ड किराये पर आवंटित करने की घोषणा की है। इसके अंतर्गत राज्यभर के विकसित औद्योगिक क्षेत्रों में ‘प्लग एंड प्ले’ तथा स्पोर्ट्स फैसिलिटी के लिए भूखण्डों का आवंटन रेंटल बेसिस पर ई-बिडिंग के माध्यम से किया जाएगा।
रीको के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक, कोटा वी.के. विजय ने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ अभियान की कड़ी में उठाया गया यह कदम राज्य में औद्योगिक निवेश को नई गति देने और औद्योगिक क्षेत्रों में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है। कोटा शहर में स्पोर्ट्स फैसिलिटी विकसित करने के लिए REIZ- इन्द्रप्रस्थ, कोटा में 2018 वर्गमीटर का 1 भूखण्ड एवं REIZ-एग्रो फूड पार्क, रानपुर-कोटा में 3758 वर्गमीटर का 1 भूखण्ड उपलब्ध हैं।
रीको के इकाई प्रभारी वी.के.विजय ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में खेल गतिविधियों को विस्तार देने के लिए यह प्रयास किया गया है जिसमें निर्धारित नियमों पर 15 वर्ष के लिए इच्छुक निवेशकों को रेंटल बेसिस पर खेल गतिविधियो का परिसर एवं उद्योग लगाने हेतु ‘प्लग एण्ड प्ले’ का परिसर विकसित करने के लिए मिल सकेगा, जिसमें एक वर्ष का मोरेटोरियम दिया जायेगा। आवश्यकता अनुसार इसे आगे 10 वर्षों तक बढ़ाया जा सकेगा। आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। इच्छुक निवेशकSSO Portal या रीको की आधिकारिक वेबसाइट riico.rajasthan.gov.in के माध्यम से ‘Rental Property’ लिंक पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया 6 मई 2026 प्रातः 10 बजे से प्रारंभ कर दी गई है और 20 मई 2026 सायं 6 बजे तक चलेगी, जबकि ऑनलाइन बिडिंग 21 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी।
