5 करोड़ की रंगदारी, फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी कनेक्शन… श्रीगंगानगर में लॉरेंस गैंग के शूटर्स दबोचे

Written by : Sanjay kumar

श्रीगंगानगर, 10 मई । राजस्थान के श्रीगंगानगर में ज्वेलर्स और एक कांग्रेस नेता से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों आरोपी मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की साजिश में भी शामिल रह चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि गैंग ने श्रीगंगानगर के एक ज्वेलर्स और कांग्रेस नेता को फोन के जरिए 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां दी गईं। आरोपियों ने व्यापारी की गतिविधियों की रेकी कर डर का माहौल बनाने की भी कोशिश की।

आगरा से दबोचे गए गैंग के दो शूटर

पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित (22) और दीपक उर्फ तुषार (25) शामिल हैं। दोनों आरोपी बाहा थाना क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से लॉरेंस गैंग के लिए काम कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार प्रदीप शर्मा पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वर्ष 2025 में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर इलाके में प्रॉपर्टी डीलर सतीश उर्फ राजू कथूरिया के घर पर हुई फायरिंग में भी उसकी भूमिका सामने आई थी। इसके अलावा उसे अवैध हथियार रखने के मामले में भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग से जुड़े तार

जांच में सामने आया है कि यही गिरोह मुंबई में Rohit Shetty के घर के बाहर फायरिंग की साजिश में भी शामिल था। पुलिस के मुताबिक इस वारदात का नेटवर्क लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य आरजू बिश्नोई के जरिए संचालित किया जा रहा था, जिसके संपर्क विदेश में बैठे अपराधियों से भी जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि दीपक ने प्रदीप उर्फ गोलू पंडित के कहने पर मुंबई में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। उस मामले में मुंबई पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी और उन्हें केंद्रीय कारागृह मुंबई भेजा गया था।

अब तक 7 गिरफ्तारी, गैंग के अन्य गुर्गों की तलाश जारी

इस पूरे मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद शर्मा के सुपरविजन और कोतवाली थाना प्रभारी पृथ्वीपाल सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!