Written by : Sanjay kumar
नई दिल्ली, 12 मई 2026।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को आखिरकार रद्द कर दिया गया है। 3 मई 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने केंद्र सरकार की मंजूरी से यह बड़ा फैसला लिया। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तिथियां जल्द घोषित होंगी।
22 लाख से अधिक छात्रों पर फिर परीक्षा का दबाव
NEET-UG 2026 में देशभर से करीब 22 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई है। छात्रों को अब दोबारा परीक्षा की तैयारी करनी होगी। सोशल मीडिया पर छात्रों ने मानसिक तनाव और परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
NTA ने कहा- पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लिया फैसला
NTA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि केंद्रीय एजेंसियों और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हुए। इसी कारण पारदर्शिता और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द कर पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
CBI करेगी पूरे पेपर लीक नेटवर्क की जांच
केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले किन माध्यमों से बाहर पहुंचा और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। NTA ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।
राजस्थान कनेक्शन से बढ़ी सनसनी
सूत्रों के अनुसार राजस्थान, विशेषकर जयपुर, इस पूरे मामले का बड़ा केंद्र बनकर सामने आया है। जांच एजेंसियों ने जयपुर से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में प्रिंटिंग प्रेस और पेपर वितरण चैन से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। राजस्थान SOG भी मामले की जांच में सक्रिय है।
पहले अफवाह बताया गया, बाद में परीक्षा ही रद्द
गौरतलब है कि परीक्षा से पहले और बाद में NTA लगातार पेपर लीक की खबरों को अफवाह बताता रहा था और छात्रों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई थी। हालांकि बाद में जांच एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद एजेंसी को परीक्षा रद्द करने का फैसला लेना पड़ा।
दोबारा परीक्षा में नहीं होगा नया रजिस्ट्रेशन
NTA ने स्पष्ट किया है कि दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों को नया आवेदन नहीं करना होगा। पहले से किया गया रजिस्ट्रेशन, परीक्षा केंद्र विकल्प और जमा फीस मान्य रहेगी। छात्रों से अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड संबंधी सूचना जल्द जारी की जाएगी।
छात्र संगठनों का प्रदर्शन, NTA पर उठे सवाल
दिल्ली समेत कई शहरों में छात्र संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
