Written by : प्रमुख संवाद
कोटा/जयपुर, 08 जून। भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजस्थान से राज्यसभा प्रत्याशी घोषित डॉ. सतीश पूनियाँ एवं डॉ. अल्का गुर्जर के नामांकन अवसर पर जयपुर स्थित राजस्थान विधानसभा परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। इस अवसर पर कोटा से पूर्व जिला महामंत्री मुकेश विजय एवं भाजपा व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजू मंगोड़ीवाला उपस्थित रहे और दोनों प्रत्याशियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा शुभकामनाएं दीं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. सतीश पूनियाँ का राजनीतिक जीवन संघर्ष, समर्पण और संगठन निष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण है, जिन्होंने कार्यकर्ता आधारित राजनीति को सशक्त पहचान दी है। वहीं डॉ. अल्का गुर्जर के सामाजिक एवं जनसेवा अनुभव को राज्यसभा में राजस्थान के हितों की मजबूत आवाज बताया गया।
नामांकन कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने दोनों प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया और विश्वास व्यक्त किया गया कि दोनों प्रत्याशी राज्यसभा में राजस्थान के विकास और जनहित के मुद्दों को प्रभावी रूप से उठाएंगे।
