Written by : प्रमुख संवाद
बारां/शाहाबाद, 8 जून ।
शाहाबाद उपखंड मुख्यालय पर ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर Greenco India Private Limited द्वारा प्रस्तावित हाईड्रो पावर एवं पम्प स्टोरेज परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि केन्द्र सरकार द्वारा शाहाबाद क्षेत्र के कलोनी व शाहपुर क्षेत्र में विद्युत उत्पादन एवं पम्प स्टोरेज के लिए इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। कंपनी द्वारा भूमि क्रय की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा वन विभाग से आवश्यक अनुमतियाँ एवं डिमांड राशि भी जमा कराई जा चुकी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व एवं बाहरी लोग सोशल मीडिया व समाचार माध्यमों के जरिए वन भूमि व वृक्ष कटाई को लेकर भ्रम फैलाकर परियोजना का विरोध कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल बन रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि शाहाबाद राजस्थान का अति पिछड़ा क्षेत्र है, जो PVTG श्रेणी में भी आता है। ऐसे में क्षेत्र के विकास, रोजगार और औद्योगिक प्रगति के लिए इस प्रकार की परियोजनाएं अत्यंत आवश्यक हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परियोजना के शुरू होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आदिवासी एवं गरीब वर्ग को लाभ मिलेगा, जल स्तर में सुधार होगा जिससे कृषि और पेयजल समस्या का समाधान होगा तथा पर्यावरण एवं वन्यजीवों के लिए भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि परियोजना के विरोध में फैलाए जा रहे भ्रम पर ध्यान न देते हुए कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराया जाए ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके।
