Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 09 जून। शहर को सुरक्षित और आधुनिक ईंधन की ओर ले जाने के प्रयासों के तहत जिला स्तरीय पीएनजी उपलब्धता समिति की बैठक जिला कलक्टर पीयूष समारिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कोटा शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की प्रगति, इसके विस्तार और घरेलू एलपीजी पर निर्भरता कम करने के प्रयासों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को पीएनजी नेटवर्क के विस्तार और आमजन को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
रेल विहार सहित कई क्षेत्र बने एलपीजी मुक्त
बैठक में बताया गया कि कोटा शहर के रेल विहार, स्वराज एनक्लेव, समृद्धि नगर, बहुमंजिला इमारत, शुभ एटलांटिस एवं दीपश्री सहित कई क्षेत्रों में लगभग शत-प्रतिशत पीएनजी कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। इन क्षेत्रों में अधिकांश परिवारों द्वारा पीएनजी अपनाए जाने से ये क्षेत्र अब लगभग एलपीजी मुक्त हो गए हैं। जिला कलक्टर ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता बढ़ाने तथा लोगों को इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
एलपीजी सरेंडर करने पर मिलेगा ट्रांसफर वाउचर
बैठक में बताया गया कि जिन उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन ले लिया है, उनके लिए एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना आवश्यक है। एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने पर उपभोक्ताओं को ट्रांसफर वाउचर प्रदान किया जाता है। भविष्य में यदि उपभोक्ता ऐसे क्षेत्र में स्थानांतरित होता है जहां पीएनजी सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो वह इस ट्रांसफर वाउचर के आधार पर आसानी से नया एलपीजी कनेक्शन प्राप्त कर सकेगा। साथ ही पूर्व में जमा सुरक्षा राशि का समायोजन भी किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पीएनजी कनेक्शन एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती
बैठक में बताया गया कि पीएनजी कनेक्शन एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती, सुरक्षित एवं सुविधाजनक है। इससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग, परिवहन एवं उपलब्धता संबंधी परेशानियों से भी राहत मिलती है। जिला कलेक्टर ने पीएनजी के लाभों की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
आवेदन प्रक्रिया बेहद सरल
बैठक में बताया गया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध है, वहां के नागरिक राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त कोटा शहर में स्काईलाइन बिल्डिंग, राजीव गांधी नगर (सिटी मॉल के सामने) स्थित आरएसजीएल कार्यालय में जाकर भी पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है।
सीएफसीएल क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में होगा पीएनजी विस्तार
बैठक में शहर के बाहरी क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क विस्तार की भी समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि सीएफसीएल के लगभग 550 आवासों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रगतिरत है। इसके अतिरिक्त आवासीय एवं व्यावसायिक कनेक्शनों की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। पीएनजी नेटवर्क के विस्तार एवं संचालन के लिए आवश्यक डीसीएस की स्थापना हेतु भूमि की आवश्यकता पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि उपलब्धता संबंधी प्रक्रिया में तेजी लाने तथा आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में समिति के सदस्य सचिव एवं माइनिंग इंजीनियर आर.एन. मंगल, राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड से डीजीएम सी.पी. चौधरी, टोरेंट पावर से श्री सुरेश, सीएफसीएल तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
