Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 12 जून।
राजस्थान के उच्च शिक्षा संस्थानों में सहायक प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) के आयोजन की जिम्मेदारी इस बार कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। वर्ष 2023 के बाद तीन वर्ष के अंतराल पर आयोजित होने जा रही यह परीक्षा राज्य के राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर पद के लिए पात्रता निर्धारित करेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए 14 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है।
केंद्रीय समिति की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक में परीक्षा के सफल संचालन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधन एवं परीक्षा प्रणाली की विस्तृत रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में रजिस्ट्रार राजपाल सिंह, प्रो. एन.एल. हेडा, प्रो. ओ.पी. ऋषि, प्रो. भवानी सिंह, नोडल अधिकारी एच.एस. शक्तावत तथा भगवान कर्मचांदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
14 जून से 15 जुलाई तक भर सकेंगे आवेदन
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार SET-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 जून 2026 से प्रारंभ होकर 15 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। परीक्षा का संभावित आयोजन 6 सितम्बर 2026 को प्रस्तावित है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी तथा अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से राजस्थान सरकार के आधिकारिक रिक्रूटमेंट पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा हमारी प्राथमिकता : कुलपति
कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि SET-2026 का सफल, पारदर्शी और निष्पक्ष आयोजन विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में योग्य एवं प्रतिभाशाली शिक्षकों का चयन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाता है और राज्य पात्रता परीक्षा इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विश्वविद्यालय द्वारा सभी प्रशासनिक, तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियां समयबद्ध तरीके से की जा रही हैं ताकि अभ्यर्थियों को विश्वसनीय और सुगम परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
योग्यता और आयु सीमा की जानकारी
SET-2026 में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में स्नातकोत्तर उपाधि होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक तथा ओबीसी (नॉन क्रीमीलेयर), अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं थर्ड जेंडर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के विद्यार्थी तथा परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी भी प्रोविजनल आधार पर आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
आवेदन शुल्क निर्धारित
सामान्य वर्ग एवं ओबीसी क्रीमीलेयर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है। ओबीसी नॉन क्रीमीलेयर एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 1200 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग वर्ग के लिए 750 रुपये शुल्क देय होगा।
यूजीसी-नेट पैटर्न पर होगी परीक्षा
SET-2026 का आयोजन यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) पद्धति से किया जाएगा। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में शिक्षण एवं शोध अभिक्षमता, तार्किक क्षमता तथा सामान्य बौद्धिक दक्षता से जुड़े 50 प्रश्न होंगे, जबकि द्वितीय प्रश्नपत्र में अभ्यर्थी के चयनित विषय से संबंधित 100 प्रश्न शामिल होंगे। दोनों प्रश्नपत्रों के लिए कुल 300 अंक निर्धारित किए गए हैं तथा परीक्षा अवधि तीन घंटे होगी। परीक्षा में किसी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी और प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक प्रदान किए जाएंगे।
35 विषयों में होगी परीक्षा, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस बार परीक्षा 35 विषयों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र राजस्थान के विभिन्न संभागीय मुख्यालयों पर स्थापित किए जाएंगे। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, उड़नदस्तों की तैनाती तथा ओएमआर शीट की त्रि-स्तरीय सुरक्षा कोडिंग व्यवस्था लागू की जाएगी।
RISL और DOIT&C संभालेंगे ऑनलाइन प्रक्रिया
परीक्षा की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, फॉर्म फिलिंग एवं डेटा मैनेजमेंट का पूरा कार्य सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DOIT&C) तथा राजकंप इंफो सर्विसेज लिमिटेड (RISL) द्वारा किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा और तकनीकी त्रुटियों से बचाव के लिए राजस्थान सरकार के आधिकारिक रिक्रूटमेंट पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से सीधे आवेदन कर सकेंगे तथा उन्हें किसी अन्य निजी वेबसाइट पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सिंगल साइन-ऑन (SSO) के माध्यम से फॉर्म लाइव किए जाएंगे।
OTR अपडेट रखने की सलाह
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले अपना वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अपडेट कर लें, ताकि आवेदन भरते समय किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी का सामना न करना पड़े।
शीर्ष छह प्रतिशत अभ्यर्थियों को मिलेगा पात्रता प्रमाण-पत्र
चयन प्रक्रिया यूजीसी के निर्धारित मानकों के अनुसार की जाएगी। इसके तहत परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों में से श्रेणीवार शीर्ष छह प्रतिशत अभ्यर्थियों को सहायक प्रोफेसर पात्रता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं अधिकृत पोर्टल का ही अवलोकन करें तथा सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।
