नीट से पहले राहुल के छात्र संवाद पर भाजपा का हमला, बोले राठौड़— छात्रों का लक्ष्य परीक्षा, राजनीति नहीं

Written by : Sanjay kumar

कोटा, 16 जून।

नीट परीक्षा से पहले कार्यक्रम पर सवाल

राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़ ने मंगलवार को कोटा में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि नीट पेपर लीक जैसा विषय देश के लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा से कुछ दिन पहले कोटा में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करना उचित नहीं है, क्योंकि इस समय विद्यार्थियों का पूरा ध्यान अपनी परीक्षा और भविष्य पर केंद्रित है।

कांग्रेस शासन में पेपर लीक पर उठाए सवाल

राठौड़ ने कहा कि जब पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही थीं और युवाओं के सपनों पर चोट पहुंच रही थी, तब राहुल गांधी ने इस विषय पर कोई गंभीर पहल नहीं की। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, “हुजूर आते-आते बहुत देर कर दी।” राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब उस मुद्दे पर राजनीति कर रही है, जिस पर उसके शासनकाल में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

एसओजी और सीबीआई की कार्रवाई का उल्लेख

भाजपा नेता ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले का पहला बड़ा खुलासा राजस्थान एसओजी की जांच से हुआ था, जिसके बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई के चलते कई आरोपी कानून के शिकंजे में आए हैं। ऐसे में इस संवेदनशील विषय को राजनीतिक मंच बनाने के बजाय छात्रों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

भजनलाल सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

राठौड़ ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। एसआईटी का गठन कर पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं तथा आगामी भर्तियों के लिए स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है।

नीट परीक्षा की सुरक्षा पर सरकार सख्त

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी नीट परीक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सरकार परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अनियमितता या एग्जाम माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

‘बच्चों को भविष्य प्यारा है, कांग्रेस का सर्कस नहीं’

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि कोटा देशभर के विद्यार्थियों का प्रमुख शिक्षा केंद्र है, जहां छात्र अपने भविष्य के लिए कठिन परिश्रम करते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा से ठीक पहले छात्र राजनीतिक कार्यक्रमों की बजाय अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दे रहे हैं। नागर ने कहा कि विद्यार्थियों का ध्यान अपने करियर और परीक्षा पर है, न कि राजनीतिक आयोजनों पर।

फ्लॉप शो के डर से कांग्रेस में बेचैनी: राठौड़

राजेन्द्र राठौड़ ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा में नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस नेताओं को अलग-अलग स्तर पर प्रयास करने पड़ रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि छात्रों के लिए सबसे महत्वपूर्ण उनकी परीक्षा है और राजनीतिक दलों को भी इस संवेदनशील समय में उनकी प्राथमिकताओं का सम्मान करना चाहिए।

ये रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, संभाग प्रभारी नाहर सिंह, जिला प्रभारी अजीत मेहता, सह-प्रभारी स्नेहा कंबोज तथा भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!