Written by : Sanjay kumar
कोटा, 17 जून 2026। AICC के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कोटा में मीडिया से बातचीत करते हुए देश की वर्तमान शिक्षा प्रणाली और परीक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं में धांधली को लेकर केंद्र व राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।
नीट परीक्षा घोटाले से टूटा 22 लाख छात्रों का भरोसा
सचिन पायलट ने कहा कि आज देश की परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जिसका खामियाजा लाखों छात्र और उनके परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने हालिया नीट परीक्षा घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह पेपर लीक हुआ, उसने देश के 22 लाख छात्र-छात्राओं के भरोसे को तोड़ा है। एक गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार दिन-रात मेहनत करके बच्चों को पढ़ाता है, लेकिन जब इस तरह के बड़े घोटाले सामने आते हैं, तो उन नौजवानों के सपने चकनाचूर हो जाते हैं। राजस्थान सहित पूरे देश में इस लचर व्यवस्था के कारण कई युवाओं को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा है, जो बेहद चिंताजनक है।
सीबीआई जांच और सरकार की जवाबदेही पर सवाल
सचिन पायलट ने सीबीआई जांच की सुस्त रफ्तार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार केवल अपनी जवाबदेही से भागने का काम कर रही है। इतने बड़े घोटाले के बाद भी न तो शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया और न ही दोषियों पर कोई सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कोटा आगमन को लेकर स्थानीय प्रशासन और सरकार ने भारी दबाव की राजनीति की है। सरकार ने राहुल जी के स्वागत में लगे झंडे, बैनर और पोस्टर हटवा दिए हैं और लोगों को इस संवाद कार्यक्रम में शामिल न होने के लिए विवश किया जा रहा है।
सरकार की दमनकारी नीति के बावजूद जुटेंगे नौजवान
सचिन पायलट ने आगे कहा कि सरकार चाहे जितनी आंखें मूंद ले, लेकिन वह सच को नहीं छिपा सकती। सरकार के इस दमनकारी रवैये के बावजूद भारी संख्या में छात्र, नौजवान और उनके परिजन राहुल जी को सुनने और अपनी बात रखने के लिए यहाँ आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी जी का यह कार्यक्रम कोई पारंपरिक राजनीतिक भाषण नहीं है, बल्कि यह युवाओं और छात्रों के साथ एक सीधा संवाद है।
शिक्षा की नगरी कोटा से होगी न्याय की शुरुआत
पायलट ने अंत में कहा कि राहुल गांधी जी ने युवाओं के भविष्य में छाए इस अंधकार को दूर करने और सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए जो मुहिम छेड़ी है, उसकी शुरुआत आज शिक्षा की नगरी कोटा से होने जा रही है। कांग्रेस पार्टी देश के नौजवानों की इस आवाज को दबने नहीं देगी और उनके हक की लड़ाई को अंतिम मुकाम तक पहुँचाएगी।
