Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 19 जून। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू) के सेवानिवृत्त कार्मिकों की लंबित पेंशन समस्या को लेकर शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने आरटीयू के कुलपति प्रो. निमित रंजन चौधरी के साथ उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका से मुलाकात कर पेंशन प्रकरण का शीघ्र समाधान कराने और प्रक्रिया पूर्ण होने तक पेंशनर्स को प्रोविजनल पेंशन देने का आग्रह किया।
वर्षों से पेंशन का इंतजार कर रहे हैं सेवानिवृत्त कर्मचारी
विधायक शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा पूर्व में आरटीयू कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने संबंधी आदेश जारी किए गए थे। इसके तहत विश्वविद्यालय प्रशासन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से भविष्य निधि राशि जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करवाई। विश्वविद्यालय के 111 पेंशनर्स ने अपनी जमा पूंजी, राष्ट्रीय बचत योजनाओं की राशि, संपत्ति विक्रय तथा ऋण लेकर लगभग 22 करोड़ रुपये जमा करवा दिए, लेकिन प्रशासनिक और प्रक्रियागत कारणों से आज तक उनकी पेंशन शुरू नहीं हो सकी।
65 करोड़ रुपये जमा, फिर भी पेंशन शुरू नहीं
उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 65 करोड़ रुपये पीडी खाते में जमा हैं, जबकि 140 से अधिक पात्र पेंशनर्स वर्षों से पेंशन मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। आर्थिक संकट और ऋण के बोझ के बीच जीवनयापन कर रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।
पुरानी पेंशन लागू करने का प्रस्ताव तत्काल स्वीकृत हो
विधायक शर्मा ने कहा कि हाल ही में आयोजित आरटीयू प्रबंध मंडल की 49वीं बैठक में विश्वविद्यालय कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देने के लिए राजस्थान सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 1996 तथा राजस्थान राज्य कर्मचारी सामान्य भविष्य निधि नियम, 2021 को विश्वविद्यालय में लागू करने का सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया गया है। यह प्रस्ताव स्वीकृति के लिए राज्यपाल एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को भेजा जा चुका है। उन्होंने मांग की कि इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए तथा अंतिम निर्णय तक पात्र पेंशनर्स को प्रोविजनल पेंशन उपलब्ध कराई जाए।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने पेंशनर्स की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता जताते हुए आश्वासन दिया कि वे व्यक्तिगत स्तर पर इस मामले की निगरानी करेंगे और विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जल्द से जल्द पेंशन का लाभ दिलाने का प्रयास करेंगे।
आरटीयू के विकास और नए पाठ्यक्रमों पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान कुलपति प्रो. निमित रंजन चौधरी और विधायक संदीप शर्मा ने विश्वविद्यालय में भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित पाठ्यक्रम शुरू करने, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा अतिथि संकाय सदस्यों के मानदेय में वृद्धि जैसे विषयों पर भी तकनीकी शिक्षा मंत्री से विस्तृत चर्चा की।
