पेपर लीक माफिया पर प्रहार, छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग; विद्यार्थी दिवस पर प्रदेशभर में 445 कार्यक्रम करेगा अभाविप

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 20 जून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव पुनः शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। संगठन ने आगामी सदस्यता अभियान, विद्यार्थी हितों से जुड़े मुद्दों तथा प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी घोषित की।

प्रांत कार्यालय छात्रशक्ति भवन, कोटा में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अभाविप के प्रदेश मंत्री जितेंद्र लोधा ने कहा कि देशभर में सामने आए पेपर लीक प्रकरणों ने लाखों युवाओं के भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता को प्रभावित किया है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक माफिया के पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का विश्वास बहाल हो सके।

छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला

लोधा ने कहा कि राजस्थान में छात्रसंघ चुनावों को पुनः प्रारंभ किया जाना चाहिए। छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को नेतृत्व, संगठन क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रशिक्षण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र नेतृत्व के विकास और शैक्षणिक परिसरों में लोकतांत्रिक वातावरण को मजबूत बनाने के लिए छात्रसंघ चुनाव आवश्यक हैं।

अभ्यास वर्ग में 262 कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण

उन्होंने बताया कि हाल ही में भीलवाड़ा में आयोजित चार दिवसीय प्रदेश अभ्यास वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेशभर से महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय इकाइयों के अध्यक्ष, सचिव तथा प्रांत कार्यकारिणी सहित 262 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वर्ग में संगठनात्मक, वैचारिक एवं नेतृत्व विकास से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।

जून से अगस्त तक चलेगा सदस्यता अभियान

अभाविप जून से अगस्त माह तक प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान संचालित करेगी। अभियान के पहले चरण में महाविद्यालयों, दूसरे चरण में विद्यालयों तथा तीसरे चरण में अन्य शिक्षण संस्थानों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। संगठन का लक्ष्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परिषद की गतिविधियों से जोड़ना है।

रविदास प्रकटोत्सव, वंदे मातरम् और बिरसा मुंडा वर्ष पर विशेष आयोजन

प्रदेश मंत्री ने बताया कि संत रविदास जी के प्रकटोत्सव के 650 वर्ष, वंदे मातरम् के 150 वर्ष तथा भगवान बिरसा मुंडा के सार्धशती वर्ष के अवसर पर प्रदेशभर के शिक्षण परिसरों में व्याख्यान, संगोष्ठी, प्रदर्शनी और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’ अभियान की शुरुआत

विद्यार्थियों को डिजिटल व्यसन से बाहर निकालकर रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से अभाविप “स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम” विषय पर विशेष अभियान और सेमिनार आयोजित करेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को खेल, सामाजिक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

9 जुलाई को विद्यार्थी दिवस, एक लाख विद्यार्थियों की सहभागिता का लक्ष्य

अभाविप अपने स्थापना दिवस 9 जुलाई को देशभर में “विद्यार्थी दिवस” के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर राजस्थान में 445 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा एक लाख से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

10 हजार प्रतिभाओं का होगा सम्मान

स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में “वीरबाला कालीबाई प्रतिभा सम्मान समारोह” आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 10 हजार से अधिक प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

365 दिन विद्यार्थियों के बीच सक्रिय रहता है अभाविप

जितेंद्र लोधा ने कहा कि अभाविप केवल मुद्दे उठाने वाला संगठन नहीं है, बल्कि उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करता है। वर्तमान प्रवेश सत्र के दौरान प्रदेशभर के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में अभाविप कार्यकर्ता हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता में प्रांत सह मंत्री चेतन पांचाल, विभाग संयोजक निखिल सिंह एवं कोटा महानगर मंत्री दीप्ति मेवाड़ा उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!