Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 20 जून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, राजस्थान प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद राधामोहनदास अग्रवाल शनिवार को निजी कार्यक्रम पर कोटा प्रवास पर रहे। कोटा जंक्शन पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी कोटा शहर के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
प्रवास के दौरान अग्रवाल ने चंद्रसेल रोड स्थित आशुतोष महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया तथा रक्तदान शिविर में भी भाग लिया। इस दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन के साथ कार्यक्रम में जिला प्रभारी अजीत मेहता, जिला महामंत्री रितेश चित्तौड़ा, महावीर नायक बिल्लू, शैलेन्द्र ऋषि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नीट परीक्षा के समय राजनीति नहीं होनी चाहिए
मीडिया से बातचीत में राधामोहनदास अग्रवाल ने कहा कि 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी हुई है। ऐसे समय में विद्यार्थियों का पूरा ध्यान अपनी परीक्षा और तैयारी पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के ठीक पहले छात्रों को राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल करने का प्रयास उनके भविष्य के साथ अन्याय है। विद्यार्थियों को राजनीति से दूर रखते हुए उनकी पढ़ाई और करियर को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव
अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया गया है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान लोगों को प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ने का सशक्त माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, भूजल स्तर में वृद्धि और बेहतर पर्यावरण के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण आवश्यक है तथा लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी समाज को उठानी चाहिए।
रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य
रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्तदान तीन लोगों का जीवन बचाने में सहायक बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। शिविर में 35 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षामंत्री मदन दिलावर एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भी विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
