Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 20 जून। इंद्रविहार स्थित रीको सामुदायिक भवन में भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी एवं पार्षद योगेश राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
योग शिक्षकों ने आयुष मंत्रालय के प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास करवाया। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने युवाओं से नियमित योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है।
इंद्रविहार विकास समिति के अध्यक्ष अशोक लड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अधिकांश देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
भारतीय योग संस्थान, इंद्रविहार विकास समिति, भारत विकास परिषद पन्नाधाय शाखा एवं फिटनेस क्लब इंद्रविहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। अंत में “योग करें, निरोग रहें” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
