Written by : Sanjay kumar
माउंट आबू, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थल माउंट आबू स्थित नक्की झील के किनारे आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वातावरण में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए। कार्यक्रम के दौरान अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी, सूर्य नमस्कार सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को जोड़ने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है और आज विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक और समग्र पद्धति है। नियमित योग और प्राणायाम से तनाव कम होता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा जीवनशैली से जुड़ी अनेक स्वास्थ्य समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री के.के. बिश्नोई, सांसद लुंबाराम चौधरी, पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, विधायक समाराम गरासिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, जिला कलेक्टर रोहिताश सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। माउंट आबू की मनोहारी वादियों में आयोजित यह योग कार्यक्रम स्वास्थ्य, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।
