Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, कमला उद्यान, लैंडमार्क सिटी, कोटा में सामूहिक योगाभ्यास एवं राजयोग मेडिटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने भाग लेकर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षक हिमांशु मिश्रा के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक योग क्रियाओं के अभ्यास से हुई। इस अवसर पर नयापुरा सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी दीदी ने हिमांशु मिश्रा का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोटा संभाग प्रभारी उर्मिला दीदी ने कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन ही सुखी जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा आध्यात्मिक रूप से जागरूक बनाता है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
उर्मिला दीदी ने कहा कि योग शरीर को ऊर्जा, शक्ति और निरोगता प्रदान करता है, जबकि राजयोग मेडिटेशन आत्मा को आंतरिक शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक बल से भर देता है। जीवन में दोनों का समन्वय व्यक्ति को संपूर्ण स्वास्थ्य और आत्मिक संतुष्टि प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी ज्योति दीदी ने माउंट आबू में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कोटा से शामिल हुए 11 कृषि वैज्ञानिकों के अनुभव साझा किए। उन्होंने योगिक खेती और सकारात्मक संकल्पों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में प्राप्त हो रहे प्रेरणादायक परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आध्यात्मिकता और विज्ञान का समन्वय खेती को नई दिशा दे सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उर्मिला दीदी ने ईश्वरीय महावाक्यों का श्रवण कराते हुए सभी को आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित जीवन जीने की प्रेरणा दी। समापन पर उपस्थित सभी भाई-बहनों के स्वस्थ, निरोगी एवं सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।
