योग दिवस पर चंबल रिवर फ्रंट बना स्वास्थ्य और ऊर्जा का केंद्र, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोटा जिले में उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शौर्य घाट, चंबल रिवर फ्रंट पर आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं आमजन ने सहभागिता कर योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

प्रातःकालीन वातावरण में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कथक नृत्यांगना बरखा जोशी के निर्देशन में प्रस्तुत योग नृत्यम से हुआ। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं श्वास-प्रश्वास अभ्यास किए।

कार्यक्रम में विधायक कोटा दक्षिण संदीप शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, प्रभारी सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर, संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, केडीए आयुक्त बचनेश अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त ओ.पी. मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। अतिथियों ने भी स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में योग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।

मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ शहर के विभिन्न धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी योग दिवस के आयोजन हुए। गोदावरी धाम, शिवपुरी धाम, किशोर सागर तालाब, गणेश उद्यान, ऑक्सीजोन पार्क, सेवन वंडर्स पार्क, शिवाजी पार्क, चंबल गार्डन, सीबी गार्डन, भीतरिया कुंड तथा जगमंदिर सहित अनेक स्थानों पर लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, कोचिंग छात्रों, योग साधकों, पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भागीदारी निभाई।

वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रही, जिसके माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

जिले के सभी उपखंड मुख्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की तथा नियमित योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया। योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों ने स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!