Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 23 जून। केडीए, वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन की कथित कार्रवाईयों के विरोध में 25 जून को सीएडी स्थित केडीए कार्यालय पर प्रस्तावित महाप्रदर्शन को लेकर राजस्थान गुर्जर महासभा एवं हाड़ौती गुर्जर महासभा ने संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की। महासभा पदाधिकारियों ने दावा किया कि कोटा, बूंदी एवं आसपास के सैकड़ों गांवों से हजारों ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि केडीए और वन विभाग की कार्रवाईयों से ग्रामीणों में भय का वातावरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से बसे गांवों और किसानों को लगातार परेशान किया जा रहा है। गुंजल ने कहा कि जिन गांवों में लोग पीढ़ियों से निवास कर रहे हैं, वहां आज उनके अस्तित्व और आजीविका पर संकट खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को सुरक्षा और अधिकार मिलना चाहिए, भय नहीं। इसी के विरोध में 25 जून को बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
प्रशासन ने नहीं सुना तो आंदोलन होगा और बड़ा
पूर्व प्रधान मन्नालाल गुर्जर ने कहा कि केडीए और वन विभाग की कार्रवाईयों से ग्रामीण बेहद आक्रोशित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में कोटा और बूंदी जिले के अनेक गांवों के लोग स्वेच्छा से शामिल होंगे।
गांवों के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं
राजस्थान गुर्जर महासभा अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच रामलाल गुंजल ने कहा कि जब शहरों में वर्षों पुराने कब्जों और बस्तियों को नियमित किया जा रहा है तो सैकड़ों वर्षों से बसे ग्रामीणों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि गांवों में रहने वाले लोगों को भी नियमितीकरण का लाभ दिया जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करना बंद किया जाए।
सर्व समाज की होगी भागीदारी
पूर्व सरपंच गोविंद भड़क ने कहा कि प्रदर्शन में गुर्जर, मीणा, बंजारा, आदिवासी सहित सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी से पहले से बसे गांवों को वन भूमि बताकर ग्रामीणों पर कार्रवाई की जा रही है, जिसका विरोध अब सड़कों पर किया जाएगा।
कई प्रमुख नेता होंगे शामिल
महासभा पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, सुरेश गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक नेता भाग लेंगे।
ये रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता में पूर्व प्रधान मन्नालाल गुर्जर, राजस्थान गुर्जर महासभा अध्यक्ष रामलाल गुंजल, हाड़ौती गुर्जर महासभा अध्यक्ष डॉ. बी.एल. गोचर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कल्याण गुर्जर, राजस्थान गुर्जर महासभा के पूर्व अध्यक्ष राजेश बोड, लोकेश गुंजल, पूर्व पार्षद धनराज चेची, विकास तंवर, लक्ष्मण बजाड़ एवं श्रवण गुर्जर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
