Written by : Sanjay kumar
चित्तौड़गढ, 8 जुलाई । “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत ड्रग माफियाओं और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के क्रम में केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट द्वारा एक और बड़ी और सनसनीखेज कामयाबी हासिल की गई है। सीबीएन की टीम ने दिनांक 06 जुलाई 2026 को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में एक अभूतपूर्व और साहसिक ऑपरेशन को अंजाम देते हुए भादेसर-चित्तौड़गढ़ रोड पर एक संदिग्ध 12-टायरा कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसके भीतर से 123 बोरियों में भरा कुल 2498.960 किलोग्राम (लगभग 25 क्विंटल) अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया है।
इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई की पृष्ठभूमि में सीबीएन कोटा के अधिकारियों को एक विशिष्ट गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि राजस्थान पंजीकरण संख्या वाला एक विशाल कंटेनर ट्रक भादेसर क्षेत्र से मारवाड़ क्षेत्र की ओर भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा की तस्करी करने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), कोटा के अधिकारियों की एक विशेष जांबाज टीम का गठन किया गया और दिनांक 05 जुलाई 2026 की देर रात्रि को ही टीम को संदिग्ध मार्ग पर जाल बिछाने के लिए रवाना किया गया तथा संदिग्ध मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी गई।
उक्त संदिग्ध वाहन की पहचान होने पर सीबीएन अधिकारियों द्वारा उसे रुकने का स्पष्ट संकेत दिया गया, किन्तु खुद को कानून के शिकंजे में फंसता देख शातिर वाहन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और टीम को कुचलने का प्रयास करते हुए भागने की कोशिश की। सीबीएन अधिकारियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तस्करों के वाहन का पीछा किया। वाहन को रोकने की जवाबी कार्रवाई के दौरान सीबीएन अधिकारियों द्वारा एक राउंड फायर भी किया गया। सरकारी अमले की इस आक्रामक जवाबी कार्रवाई से घबराकर, रात के अंधेरे का लाभ उठाते हुए तस्कर बीच रास्ते में ही कंटेनर ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से और व्यस्त सड़क पर किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए, रात में वाहन की विस्तृत तलाशी वहां न लेकर कंटेनर ट्रक को सुरक्षित सीबीएन, कोटा कार्यालय लाया गया। वहां स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में विधिवत तलाशी लेने पर कंटेनर के भीतर छुपाकर रखी गईं 123 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 2498.960 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, भारी मात्रा में बरामद इस अवैध मादक पदार्थ तथा तस्करी में प्रयुक्त उक्त कंटेनर ट्रक को एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की गहन जांच प्रक्रिया जारी है।
ब्यूरो का कड़ा संदेश:
उपरोक्त सफल कार्रवाई केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) के अधिकारियों की कड़ी मेहनत, सतर्कता एवं समर्पण का प्रत्यक्ष परिणाम है। “नशा मुक्त भारत अभियान” की शून्य-सहनशीलता (Zero-Tolerance) नीति के अंतर्गत सीबीएन का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकेपीछे छिपे पूरे अवैध तस्करी नेटवर्क और ड्रग कार्टेल्स को पूर्णतः समाप्त करना है। समाज को नशामुक्त बनाने हेतु कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
