Written by: Sanjay kumar
कोटा, 8 जुलाई। हाड़ौती क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की बुधवार को घोषणा की गई। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को विकास का नया आधार बताते हुए कोटा को सीधे एक्सप्रेसवे से जोड़ने, इटावा से कोटा तक बनने वाले नए एक्सप्रेसवे को ‘अटल एक्सप्रेसवे’ नाम देने तथा क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली कई बड़ी परियोजनाओं का ऐलान किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन परियोजनाओं को राजस्थान और विशेष रूप से हाड़ौती के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।

एक्सप्रेसवे बनेगा विकास का नया इंजन
गोपालपुरा-मंडाना में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि रोजगार, उद्योग, निवेश और आर्थिक विकास का मजबूत माध्यम है। उन्होंने बताया कि लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले दो वर्षों में दिल्ली से मुंबई तक की यात्रा लगभग 12 घंटे में पूरी की जा सकेगी।

कोटा को मिली कई नई सड़क परियोजनाएं
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से मुकुंदरा वन्यजीव अभयारण्य को बाईपास करते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक लगभग 550 करोड़ रुपये की लागत से नया लिंक रोड बनाया जाएगा। साथ ही बालपुरा मार्ग से कोटा को एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 21 किलोमीटर लंबा चार लेन ग्रीनफील्ड संपर्क मार्ग भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का कार्य आगामी तीन माह में शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। भवानीमंडी को भी एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।
‘अटल एक्सप्रेसवे’ के रूप में मिलेगी नई पहचान
नितिन गडकरी ने घोषणा की कि कोटा से इटावा तक चंबल नदी के समानांतर बनने वाले प्रस्तावित एक्सप्रेसवे का नाम अब अटल एक्सप्रेसवे होगा। लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को समर्पित होगी।
राजस्थान के विकास में केंद्र का पूरा सहयोग
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार प्रदेश में सड़क, पर्यटन, उद्योग और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करती रहेगी तथा विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में आधुनिक सड़क नेटवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
राजस्थान को मिलेगी नई विकास गति : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देश में सड़क अवसंरचना विकास का नया इतिहास लिखा गया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और भारतमाला परियोजनाएं राजस्थान के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि कोटा को एक्सप्रेसवे से बेहतर जोड़ने के लिए डीसीएम रोड से उम्मेदगंज तक चार लेन स्पर एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार की जा रही है। राज्य सरकार ने भी पिछले ढाई वर्षों में कोटा जिले के लिए लगभग पांच हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं।
देश की लाइफलाइन बनेगा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रयासों से देशभर में आधुनिक हाईवे नेटवर्क तैयार हो रहा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे आने वाले समय में देश की लाइफलाइन साबित होगा और इससे हाड़ौती सहित राजस्थान में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
