Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 9 जुलाई 2026।
केट वुमेन विंग, कोटा द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्षा संगीता पाटिल के कोटा आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला उद्यमिता, व्यापार विस्तार, डिजिटल सशक्तिकरण तथा राष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में शहर की महिला उद्यमियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा संगठन की पदाधिकारियों एवं सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्षा संगीता पाटिल ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना केट वुमेन विंग का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में महिला उद्यमियों को नवाचार, डिजिटल तकनीक और संगठित नेटवर्किंग के माध्यम से अपने व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने महिलाओं से संगठन से जुड़कर राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध योजनाओं और मंचों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय कन्वेनर सुमन गोयल ने कहा कि संगठित प्रयासों से महिलाएं व्यापार, नेतृत्व और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। उन्होंने केट वुमेन विंग, कोटा की सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए अधिक से अधिक महिला उद्यमियों को संगठन से जुड़ने का संदेश दिया।
केट वुमेन विंग, कोटा की अध्यक्ष नीलम विजयवर्गीय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन स्थानीय महिला उद्यमियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस संवाद से महिलाओं को व्यापार के नए अवसरों और संगठन की योजनाओं का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सचिव भाविका प्रीत रमानी ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नीलम विजयवर्गीय, भाविका प्रीत रमानी, नंदिनी, आकांक्षा गुप्ता, मधु विजय, कृतिका विजयवर्गीय, रीना विजय, किरण गुप्ता, ऋचा गुप्ता, नूतन सोनी, खुशबू जैन सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमियों के सशक्तिकरण, व्यापार विस्तार, संगठन की भावी कार्ययोजना तथा राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं की प्रभावी भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि केट वुमेन विंग महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी भूमिका निभाता रहेगा।
