स्वस्थ समाज की पहल, नासिया जी दादाबाड़ी में 104 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 09 जुलाई 2026।
मानव सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए पुण्योदय अतिशय क्षेत्र नासिया जी दादाबाड़ी, कोटा में निःशुल्क हेल्थ चेकअप एवं स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञों की सलाह का लाभ उठाया।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानकों के अनुरूप हुआ परीक्षण
शिविर में कुल 104 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. प्रीति एवं उनकी टीम द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के निर्धारित मानकों के अनुरूप किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य सलाहकार प्रिया जैन, मनोज कुमार एवं दिलीप जैन ने भी अपनी सेवाएं प्रदान कर प्रतिभागियों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन दिया।

बदलती जीवनशैली से बढ़ रहीं बीमारियां, बचाव के बताए सरल उपाय
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा कि अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, पाचन संबंधी विकार एवं मानसिक तनाव जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, प्राणायाम, ध्यान, पर्याप्त नींद तथा संतुलित एवं पौष्टिक भोजन को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए इन्हें दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

‘हैप्पी ईटिंग’ नहीं, ‘हेल्दी ईटिंग’ को दें प्राथमिकता
शिविर के मुख्य संयोजक धर्मचंद धनोपिया ने कहा कि स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बताया कि “Happy Eating” और “Healthy Eating” में अंतर समझना जरूरी है। शरीर की आवश्यकताओं के अनुसार पौष्टिक एवं संतुलित भोजन का चयन ही वास्तविक स्वस्थ जीवन की कुंजी है। शिविर में उपस्थित लोगों के स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों का विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया तथा पौष्टिक आहार के सही चयन और उपयोग की जानकारी भी दी।

सेवा कार्यों की सराहना, स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान
कार्यक्रम के समापन पर पुण्योदय अतिशय क्षेत्र नासिया जी दादाबाड़ी, कोटा के अध्यक्ष जम्बू जैन सर्राफ ने डॉ. प्रीति एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज को जागरूक और स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। डॉ. प्रीति एवं उनकी टीम ने भी क्षेत्र कमेटी द्वारा किए जा रहे सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों की प्रशंसा करते हुए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!