Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 9 जुलाई। श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय मासूम बालिका के साथ हुई जघन्य वारदात के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के नेतृत्व में गुरुवार को शहीद स्मारक से सावित्री ज्योतिबाई फुले पार्क तक कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। मार्च में बड़ी संख्या में बालिकाओं, महिलाओं, आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने तथा दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग उठाई।

दरिंदगी के खिलाफ फूटा आक्रोश
कैंडल मार्च के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस ऑटो रिक्शा चालक से बच्ची ने मदद की उम्मीद की, उसी ने उसे अपराधियों के हवाले कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि पीड़िता ने पांच दिनों तक जिस भयावह यातना का सामना किया, उसकी कल्पना मात्र से रूह कांप उठती है। उन्होंने कहा कि इस मामले के सभी आरोपियों को ऐसी कठोर सजा मिलनी चाहिए, जो समाज में नजीर बने और भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह का जघन्य अपराध करने का साहस न कर सके।
सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन से मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कैंडल मार्च में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव, देहात अध्यक्ष टीकमचंद सुमन, महिला नेत्री मंजू चौधरी, प्रीति सुमन, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह बिल्लू, जिला महासचिव विपिन बरथूनिया, प्रशांत सक्सैना, ओबीसी विभाग के शहर उपाध्यक्ष पवन कछावा, महासचिव दीपक सेन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
