Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 13 जुलाई। कोटा शहर में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नांता थाना क्षेत्र में हैंगिंग ब्रिज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जाकर लोहे की रेलिंग से भिड़ गई और पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बूंदी से कोटा लौट रहे थे चारों युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों युवक कार से बूंदी की ओर से कोटा आ रहे थे। हैंगिंग ब्रिज के समीप पहुंचते ही भैंसों के आगे आ जाने से तेज रफ्तार के कारण कार अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन पहले डिवाइडर पर चढ़ा और फिर दूसरी लेन में जाकर लोहे की रेलिंग से टकरा गया। हादसे के बाद कार में सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो युवकों की मौके के बाद अस्पताल में मौत
हादसे की सूचना मिलते ही नांता थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विज्ञान नगर निवासी 27 वर्षीय अमन चावला और दादाबाड़ी निवासी 32 वर्षीय कुंतेश वर्मा को मृत घोषित कर दिया।
दो घायलों का इलाज जारी
हादसे में बसंत विहार निवासी जगदीश जुमरानी तथा बोरखेड़ा निवासी दीपेश गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जुटी हादसे के कारणों की जांच में
नांता थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।
