Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 17 जुलाई । रोटरी क्लब पद्मिनी की ओर से इंदिरा विहार स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूल में “लीडरशिप एंड कम्युनिकेशन” विषय पर प्रेरणादायी सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद कौशल एवं व्यक्तित्व विकास के गुणों का विकास करना रहा।
मुख्य वक्ता पुष्टि माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, आत्मविश्वास, प्रभावी संचार और सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण के व्यावहारिक सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि सफल नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने, सही निर्णय लेने और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता से विकसित होता है। संवाद कौशल जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता की आधारशिला है।
अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि पुष्टि माहेश्वरी बी.टेक (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) में डेटा साइंस विशेषज्ञ हैं तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रख्यात पब्लिक स्पीकर हैं। वर्ष 2022 में उन्हें देश के शीर्ष पांच पब्लिक स्पीकर्स में स्थान मिला तथा वे अब तक 100 से अधिक प्रशिक्षण सत्र संचालित कर चुकी हैं।
रोटरी क्लब पद्मिनी सचिव डॉ. प्रीति शर्मा ने बताया कि क्लब ने प्रत्येक माह ऐसे ज्ञानवर्धक सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में शशि अग्रवाल, उषा गुप्ता, मोनिका नुवाल, सुषमा बंसल, शिल्पा माहेश्वरी, डॉ. प्रीति शर्मा, दीप्ति राजावत, प्रीति आनंद, रेखा माहेश्वरी, सोनिया लाखोटिया, अमिता माहेश्वरी एवं अंजना पोद्दार सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
