Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 19 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दीनदयाल नगर इकाई की ओर से आयोजित ‘हुंकार कुश्ती प्रतियोगिता’ में पारंपरिक भारतीय कुश्ती का रोमांच देखने को मिला। प्रतियोगिता में कोटा सहित आसपास के क्षेत्रों से आए करीब 400 पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में दमदार मुकाबले खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
युवाओं में खेल भावना और अनुशासन का संदेश
महानगर मंत्री दीप्ति मेवाड़ा ने बताया कि एबीवीपी स्थापना दिवस के अवसर पर महानगर स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनमें अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और भारतीय पारंपरिक खेलों के प्रति रुचि विकसित करना है।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि राजस्थान कुश्ती संघ के संरक्षक आई.के. दत्ता रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश विजय एवं हरीश शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम में खेलो भारत के राष्ट्रीय सह-संयोजक हिमांशु की विशेष उपस्थिति रही। मंच पर महानगर मंत्री दीप्ति मेवाड़ा, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य कुश कुमार पटोना तथा नगर मंत्री कुणाल मीणा भी उपस्थित रहे।
समर्थ सिंह बने ‘हुंकार केसरी’
प्रतियोगिता में समर्थ सिंह (महावीर नगर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘हुंकार केसरी’ का खिताब अपने नाम किया। रुद्रांश (हरगोविंद) प्रथम उपविजेता रहे। हुंकार कुमार वर्ग में अभिषेक चौधरी विजेता और भावेश उपविजेता बने। वहीं हुंकार महिला केसरी का खिताब प्रिया शर्मा (महावीर नगर) ने जीता, जबकि अनुष्का सिंह (मंगलेश्वर व्यायामशाला) प्रथम उपविजेता रहीं।
विभिन्न भार वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के 35, 40, 45, 50 और 55 किलोग्राम तथा महिला वर्ग के 35, 40, 45 और 50 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले आयोजित किए गए। सभी वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक, फुर्ती और ताकत का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
विजेताओं का किया सम्मान
कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
